आईपीएल ट्रेड: श्रेयस की कप्तानी में खेलेंगे हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह का मुंबई इंडियंस में जाना तय

आईपीएल नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली (ट्रेड) पर सहमति बन गई है। इससे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़ जाएंगे। यह सौदा हालांकि अभी प्रस्तावित है और इसे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की मंजूरी मिलना बाकी है।
हार्दिक पंड्या का पंजाब किंग्स में जाना तय
आईपीएल से जुड़े एक सूत्र ने इस ट्रेड की पुष्टि की है। सूत्र ने बताया कि हार्दिक पंड्या श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने को लेकर खुश हैं। उम्मीद है कि श्रेयस अय्यर आगामी सत्र में भी पंजाब किंग्स के कप्तान बने रहेंगे।
सूत्र ने कहा, ‘‘ट्रेड पूरा हो चुका है। हार्दिक पंजाब किंग्स में जा रहे हैं और अर्शदीप मुंबई इंडियंस में शामिल हो रहे हैं। हार्दिक श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने को लेकर खुश हैं। ’’ उनके अनुसार, ‘‘अर्शदीप के बदले हार्दिक को ट्रेड करने का फैसला कप्तान और कोच का था। अर्शदीप लंबे समय से पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं और फ्रेंचाइजी के लिए शानदार प्रदर्शन करके आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। ’’
अर्शदीप को लेकर आसान नहीं था फैसला
सूत्र ने कहा, ‘‘फ्रेंचाइजी के मालिकों के लिए यह फैसला आसान नहीं था क्योंकि अर्शदीप ने टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनाई है। हालांकि, कप्तान और कोच ने इस फैसले को आगे बढ़ाया और अब यह तय हो गया है। ’’ इस ट्रेड के साथ मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक का दूसरा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। हार्दिक 2024 सत्र में मुंबई इंडियंस में लौटे थे और उन्हें लंबे समय तक टीम की कप्तानी करने वाले रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया था। हालांकि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पांच बार की चैंपियन टीम हार्दिक के नेतृत्व संभालने के बाद तीन सत्र में से दो बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही।
यह सौदा बीसीसीआई द्वारा खिलाड़ियों को बरकरार रखने की समय सीमा को 17 नवंबर तक बढ़ाने के बाद हुआ है, जिससे दोनों फ्रेंचाइजी को 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली मिनी नीलामी से पहले आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। मिनी नीलामी से पहले पंजाब किंग्स मार्कस स्टोइनिस और नेहाल वढेरा को भी रिलीज कर सकता है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

