भारत ने 10वीं बार जीती सैफ चैंपियनशिप: खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को हराया, फिर पड़ोसी देश के खिलाड़ियों ने जो किया उसने जीत लिया दिल

भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव का असर पिछले कुछ समय से क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिल रहा है। दोनों देशों के खिलाड़ी मैच के दौरान हाथ मिलाने से बचते रहे हैं, लेकिन फुटबॉल के मैदान पर मंगलवार को एक अलग ही तस्वीर सामने आई। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सैफ चैंपियनशिप-2026 के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। खेल भावना का यह खूबसूरत पल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का कारनामा किया। वहीं, पहली बार फाइनल खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम को खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
हार के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
ढाका के नेशनल स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी और कोच मैदान पर एक कतार में खड़े हो गए। उन्होंने चैंपियन बनी भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर जीत की बधाई दी। इस दौरान भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी टीम के बीच से गुजरते हुए मैदान से बाहर निकले।
पदक वितरण समारोह के दौरान भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और हाई-फाइव किया। भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल के बावजूद फुटबॉल के मैदान पर खेल भावना की यह तस्वीर काफी खास रही।
क्रिकेट से अलग दिखा फुटबॉल का नजारा
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबलों में पिछले डेढ़ साल से हाथ मिलाने की परंपरा प्रभावित रही है। पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के चलते दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा था। इसका असर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिला।
हालांकि, सैफ चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने अलग रुख अपनाया। पांच नवंबर को ग्रुप मुकाबले से पहले भारतीय कोच नौशाद मूसा और डिफेंडर नाथन रोड्रिग्स ने हाथ मिलाने की परंपरा निभाने की बात कही थी। मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान बिजॉय वर्गीस ने पाकिस्तानी कप्तान यूसुफ इजाज बट से हाथ मिलाया था। भारत ने उस मैच में पाकिस्तान को 3-2 से हराया था।
पहले पाकिस्तान ने बनाई बढ़त, फिर भारत ने पलटा मैच
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने शुरुआत में भारत को झटका दिया। अलमगीर गाजी ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल दागकर पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में मुकाबले का रुख बदल गया। 59वें मिनट में जुनैद शाह को खतरनाक टैकल के लिए वीएआर की समीक्षा के बाद रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तान को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
भारत ने इसका फायदा उठाया और 60वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने बराबरी का गोल दाग दिया। मुकाबले के आखिरी मिनटों में भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा। 88वें मिनट में संदीप मंडी ने निर्णायक गोल कर भारत को 2-1 से जीत दिला दी।
भारत ने बनाया रिकॉर्ड, पाकिस्तान पहली बार फाइनल में पहुंचा था
इस जीत के साथ भारत ने सैफ चैंपियनशिप में अपना दबदबा कायम रखा। भारतीय टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार इस प्रतियोगिता का खिताब जीता और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनी। वहीं, पाकिस्तान की टीम पहली बार सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची थी। खिताबी मुकाबले में हार के बावजूद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर खेल भावना की मिसाल पेश की।
भारत ने इस टूर्नामेंट में अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में युवा खिलाड़ियों से सजी दूसरी श्रेणी की टीम उतारी थी। इसके बावजूद टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।