न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ छाए भारतीय बल्लेबाज: ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने ठोकी फिफ्टी, भारत-ए ने 464 रन पर घोषित की पारी

ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने ठोकी फिफ्टी, भारत-ए ने 464 रन पर घोषित की पारी

पहले दिन यशस्वी जायसवाल के शानदार शतक के बाद दूसरे दिन ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट झटककर भारत-ए को न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के रविवार को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

भारत मजबूत स्थिति में

भारत ए ने पहली पारी पांच विकेट पर 464 रन बनाकर घोषित की जिसके बाद दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ए ने दो विकेट पर 36 रन बनाए। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 जबकि जैक गिब्सन एक रन बनाकर खेल रहे हैं। मेजबान टीम अब भी भारत ए से 428 रन पीछे है।

प्रसिद्ध कृष्णा ने मेजबान टीम को दिए शुरुआती झटके

भारत ए ने सुबह दो विकेट पर 227 रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान जुरेल (71), तिलक वर्मा (नाबाद 81) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 50) के अर्धशतकों की मदद से टीम ने 146 ओवर में पांच विकेट पर 464 रन बनाने के बाद पारी घोषित कर दी। बाएं पैर की मांसपेशियों में चोट से उबरकर टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने न्यूजीलैंड ए के सलामी बल्लेबाज राइस मारियू (00) और कर्टिस हीफी (19) को आउट करके भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।

जुरेल ने की शानदार बल्लेबाजी

इससे पहले बी साई सुदर्शन ने अपने शनिवार के स्कोर में केवल 11 रन जोड़े और 88 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें गिब्सन ने बोल्ड किया। जुरेल ने 95 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 71 रन बनाए। उन्होंने 75 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन कैमरन पॉल की गेंद पर आउट हो गए। ऋषभ पंत की अनुपलब्धता के कारण बैकअप खिलाड़ी के रूप में खेल रहे तिलक ने इसके बाद रविंद्र जडेजा (25) के साथ 44 रन की साझेदारी की। फिर उन्होंने वाशिंगटन के साथ छठे विकेट के लिए 114 रन की अटूट साझेदारी करके भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

तिलक और वॉशिंगटन ने तेजी से रन बनाए

तिलक ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि वाशिंगटन ने दो चौके जड़े। भारत ए ने लंच तक 101 ओवर में चार विकेट पर 331 रन बना लिए थे। उस समय तिलक और जडेजा क्रीज पर थे। लंच के बाद गिब्सन ने जडेजा को आउट किया। मैथ्यू बॉयल ने उनका कैच लपका। यह दिन का गिब्सन का दूसरा विकेट था। इसके बाद तिलक और वाशिंगटन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 400 रन के पार पहुंचाया।

दोनों ने 197 गेंद में छठे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी पूरी की। तिलक ने 131 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि वाशिंगटन ने 107 गेंद में अर्धशतक जड़ा। इसके बाद भारत ए ने पारी घोषित कर दी। भारत की टेस्ट शृंखला की तैयारी के तहत इस अंतिम भारत ए मुकाबले में खेल रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (बिना विकेट के 11) और प्रसिद्ध कृष्णा (12 रन पर दो विकेट) ने शुरुआती स्पैल में प्रभावशाली गेंदबाजी की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।