हारते-हारते बचा भारत, 135 रन बनाने में छूटे पसीने: दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को 4 रन से हराया, सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया हारते-हारते बची। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर चार रन से हराकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। तीसरा मैच मंगलवार को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
भारतीय बल्लेबाजों ने किया संघर्ष
जीत के लिए 47 ओवर में 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 26 ओवर में सात विकेट 113 रन पर गंवा दिए थे, जब बारिश शुरू हो गई । उस समय डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर भारत को 109 रन की जरूरत थी। कप्तान शुभमन गिल पहली ही गेंद पर जैकब डफी का शिकार हुए और खाता खोले बिना स्लिप में कैच दे बैठे । डफी ने विराट कोहली (7) को भी पवेलियन भेजा । रोहित शर्मा ने 28 गेंद में 23 रन बनाए लेकिन सीम का सामना करने में सहज नहीं दिखे। अक्षर पटेल (7) और श्रेयस अय्यर (30) शॉर्ट गेंदों पर विकेट गंवा बैठे । वहीं पहली 20 में से 18 डॉट गेंद खेलने वाले राहुल ने अपना संयम बनाए रखा और डफी को छक्का लगाकर टीम को सौ रन के पार पहुंचाया । राहुल ने 38 गेंद में 26 रन बनाए ।
भारतीय गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
इससे पहले भारत ने अपने तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से न्यूजीलैंड को 41 ओवर में 134 रन पर समेट दिया। गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का सही फैसला लिया । बारिश और मौसम को देखते हुए मैच प्रति टीम 47 ओवर का कर दिया गया था । नबी ने सबसे पहले टिम सीफर्ट (0) का विकेट लिया । मिडविकेट पर खड़े कम्बोज ने सामने की ओर डाइव लगाकर कैच पकड़ा और नबी को उनका पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट दिलाया। विल यंग ने 17 गेंद में छह रन बनाए और वह जूझते ही नजर आए । आफ स्टम्प पर पड़ती गेंद पर बल्ला अड़ाकर वह विकेट के पीछे केएल राहुल को कैच देकर लौटे।
बराड़ ने किवी बल्लेबाजों को किया परेशान
हेनरी निकोल्स 26 गेंद में 11 रन बनाकर नौवें ओवर में कम्बोज की गेंद पर बोल्ड हुए । पावरप्ले के भीतर न्यूजीलैंड के तीन विकेट 29 रन पर निकल चुके थे । पावरप्ले के बाद बराड़ ने अपनी गेंदों की उछाल से बल्लेबाजों को परेशान किया । उन्होंने एक ही ओवर में सटीक शॉर्टपिच गेंदों पर टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स के विकेट चटकाए । लैथम ने बाहर की ओर जाती गेंद पर नमन धीर को कैच दिया जबकि फिलिप्स का कैच कम्बोज ने लपका । डेरिल मिचेल ने 104 गेंद पर 55 रन बनाये । भारतीय कप्तान गिल ने मिचेल को एक जीवनदान भी दिया था जिसका फायदा उठाकर उन्होंने मिचेल सेंटनेर (38 गेंद में 31 रन ) के साथ 59 रन की साझेदारी की । मिचेल को अक्षर पटेल ने कम्बोज के हाथों लपकवाकर पवेलियन भेजा ।
ऐसा रहा भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन
आकिब नबी ने सात ओवर में 31 रन देकर दो विकेट लिए जबकि अंशुल कम्बोज ने आठ ओवर में 25 रन देकर दो विकेट चटकाए । वहीं बराड़ ने दस ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने शॉर्ट गेंदों का बखूबी इस्तेमाल करके मेजबान मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। अर्शदीप सिंह ने सात ओवर में 16 रन दिए, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला। उन्होंने हालांकि बेहद अनुशासित और सटीक गेंदबाजी करके दबाव बनाया । भारतीय गेंदबाजों ने 176 डॉट गेंदें फेंकी ।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

