IPL Auction-2027: सहवाग के बेटे आर्यवीर की पहली बोली लगेगी, दो करोड़ में उतरेंगे वॉर्नर-स्टोक्स

आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी से पहले खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन ने क्रिकेट प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा दिया है। इस बार नीलामी में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ भारतीय क्रिकेट के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग भी नजर आएंगे। आर्यवीर ने पहली बार आईपीएल नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। वहीं, इंग्लैंड के बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने भी नीलामी में उतरने का फैसला किया है।
नीलामी के लिए कुल 1220 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। दस फ्रेंचाइजी के पास कुल 66 खाली स्लॉट हैं, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं।
अंडर-19 एशिया कप में चमके आर्यवीर, 30 लाख है बेस प्राइस
वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग पहली बार आईपीएल नीलामी का हिस्सा बनने जा रहे हैं। हाल ही में अंडर-19 एशिया कप में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें चर्चा में ला दिया था। टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।
आर्यवीर ने नीलामी के लिए अपना बेस प्राइस 30 लाख रुपये रखा है। उनके अलावा अंडर-19 एशिया कप में भारत की खिताबी जीत के नायक रहे मोहित उल्वा और काव्य पटेल ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है। इन युवा खिलाड़ियों का बेस प्राइस भी 30 लाख रुपये है। दिलचस्प बात यह है कि पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने इस बार नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है।
बेन स्टोक्स और डेविड वॉर्नर ने रखा 2 करोड़ का बेस प्राइस
नीलामी में सबसे ज्यादा चर्चा बेन स्टोक्स और डेविड वॉर्नर की वापसी को लेकर है। दोनों खिलाड़ियों ने अपना बेस प्राइस दो करोड़ रुपये रखा है। इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर बेन स्टोक्स आखिरी बार 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल खेले थे। वह अब तक आईपीएल में 45 मैच खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने 935 रन बनाए और 28 विकेट लिए हैं।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर पिछले सीजन की नीलामी में अनसोल्ड रह गए थे। अब उन्होंने एक बार फिर अपना नाम नीलामी के लिए दर्ज कराया है। वह आईपीएल के सबसे सफल विदेशी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।
दो भारतीय खिलाड़ियों ने भी रखा 2 करोड़ का बेस प्राइस
विदेशी सितारों के अलावा भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान और दीपक चाहर ने भी दो करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर रजिस्ट्रेशन कराया है। इस ब्रैकेट में ट्रेंट बोल्ट, रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे, डेरिल मिचेल, जॉनी बेयरस्टो, सैम बिलिंग्स, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा, शिमरोन हेटमायर और शाई होप जैसे नाम भी शामिल हैं।
किस बेस प्राइस पर कौन-कौन से बड़े खिलाड़ी?
दो करोड़ रुपये : बेन स्टोक्स, डेविड वॉर्नर, आवेश खान, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे, डेरिल मिचेल, जॉनी बेयरस्टो, मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा और शिमरोन हेटमायर।
1.50 करोड़ रुपये : अल्लाह मोहम्मद गजनफर, डैनियल सैम्स, राइली मेरेडिथ, डेविड विसे, रासी वान डर डुसेन, जेडन सील्स और कीमो पॉल।
1.25 करोड़ रुपये : एश्टन एगर, बिली स्टेनलेक, काइल मेयर्स और मैथ्यू फोर्ड।
एक करोड़ रुपये : आकाश दीप, जयदेव उनादकट, तुषार देशपांडे, उमेश यादव और स्कॉट बोलैंड समेत कई खिलाड़ी।
ईशांत शर्मा और नीतीश राणा अनकैप्ड सूची में
नीलामी की सूची में भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और बल्लेबाज नीतीश राणा भी शामिल हैं। दोनों अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और आईपीएल में भी लंबा अनुभव रखते हैं, लेकिन आईपीएल के नियमों के मुताबिक पिछले पांच साल में अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी को अनकैप्ड श्रेणी में रखा जा सकता है।
इसी नियम के कारण दोनों को अनकैप्ड खिलाड़ियों की सूची में जगह मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों का बेस प्राइस 50 लाख रुपये है।
66 खाली स्लॉट के लिए होगा मुकाबला
आईपीएल की दस टीमों ने नीलामी से पहले कुल 184 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। अब 66 स्लॉट भरे जाने हैं। इनमें 41 भारतीय और 25 विदेशी खिलाड़ियों की जगह खाली है। हालांकि, 1220 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन होना यह नहीं है कि सभी नीलामी में शामिल होंगे। फ्रेंचाइजी की पसंद के आधार पर खिलाड़ियों की छंटनी होगी और अंतिम सूची बाद में जारी की जाएगी। अंतिम नीलामी सूची 4 दिसंबर को आने की उम्मीद है।
इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स के पास सबसे बड़ा पर्स 47.45 करोड़ रुपये है। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 41.65 करोड़ और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 40.15 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। ऐसे में नीलामी में युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी सितारों पर भी टीमों की नजर रहेगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।