आईपीएल में बड़ा उलटफेर: हार्दिक पांड्या 18 करोड़ में पंजाब के हुए, अर्शदीप सिंह ने थामा मुंबई का हाथ

सेव सूची

आईपीएल-2027 के आगाज से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा खिलाड़ी ट्रेड हुआ है। इस सौदे के तहत मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा होंगे, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस ट्रेड की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

बीसीसीआई ने किया ऐलान

दोनों खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण स्थिति स्पष्ट नहीं थी। अब बीसीसीआई की घोषणा के बाद इस बड़े ट्रेड पर मुहर लग गई है। इस बदलाव के बाद आईपीएल-2027 में दोनों टीमों का संयोजन बदला हुआ नजर आएगा। हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने से टीम को एक अनुभवी ऑलराउंडर और नेतृत्व का विकल्प मिलेगा, वहीं अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस से जुड़ने से टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अर्शदीप को भी मिले 18 करोड़ रुपये

आईपीएल ने बयान में कहा कि हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में 16.35 करोड़ रुपये में शामिल किया था, लेकिन वे अब पंजाब किंग्स के साथ 18 करोड़ रुपये में जुड़ेंगे। जबकि अर्शदीप 18 करोड़ रुपये की मौजूदा कीमत पर मुंबई से जुड़ गए हैं।

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इस साल राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बदले में राजस्थान रॉयल्स ने सीएसके से रविंद्र जडेजा को 14 करोड़ और सैम कुरेन को 2.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।

मुंबई के साथ खत्म हुआ हार्दिक का सफर

हार्दिक का इस तरह से मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। वह पहली बार 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और तब उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के साथ चार खिताब जीते थे। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने टीम को 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। मुंबई की टीम के साथ सात सत्र बिताने के बाद हार्दिक 2022 में 15 करोड़ रुपये की फीस पर गुजरात टाइटन्स में शामिल हो गए और उन्होंने फ्रेंचाइजी को अपने पहले ही सत्र में खिताब दिलाया। गुजरात की टीम 2023 में फाइनल तक भी पहुंची थी।

हार्दिक ने 2024 में मुंबई इंडियंस में वापसी की थी और रोहित शर्मा की जगह कप्तानी संभाली थी लेकिन इस बीच उनकी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। चोटों से परेशान रहे हार्दिक हालांकि परिस्थितियों से परेशान रहे।

हार्दिक को रास नहीं आई मुंबई की कप्तानी

मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने के बाद उन्हें लगातार दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। दूसरे सत्र में स्थिति थोड़ी बेहतर रही लेकिन तीसरे सत्र में हालात बिगड़ते चले गए।

इस बीच ड्रेसिंग रूम में मतभेद की खबरें भी सामने आई और यह स्पष्ट हो गया कि सीनियर खिलाड़ियों के बीच सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। इन खिलाड़ियों ने भारत की टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी शामिल थे, जिन्हें कप्तानी के लिए नजरअंदाज कर दिया गया था।

रोहित को मिल सकती है मुंबई की कमान

रोहित को अचानक टीम से बाहर किए जाने का मुद्दा भी विवाद का विषय बना रहा और अब कयास लगाए जा रहे हैं के फ्रेंचाइजी की तरफ से उनके संभवत: आखिरी सत्र में उन्हें फिर से कप्तानी सौंपी जा सकती है। तिलक वर्मा को उप कप्तान बनाए जाने की संभावना है।

मुंबई की टीम पिछले सत्र में 14 मैच में केवल चार में ही जीत हासिल कर पाई थी। चोटिल होने के कारण हार्दिक अंतिम चरण के मैचों में नहीं खेल पाए थे।

आईपीएल में हार्दिक और अर्शदीप का प्रदर्शन

इन तमाम घटनाओं के बावजूद हार्दिक ने आईपीएल में खुद को मैच विजेता साबित किया है। उन्होंने आईपीएल में अभी तक 162 मैचों में 146.28 के स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट लिए हैं।

अर्शदीप आठ सत्र तक पंजाब की टीम से खेलने के बाद अब मुंबई की टीम में शामिल हो रहे हैं। इस तेज गेंदबाज ने 2019 में पंजाब की टीम से आईपीएल में पदार्पण किया था और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने आईपीएल के 96 मैच में 111 विकेट लिए हैं जो पंजाब किंग्स की तरफ से रिकॉर्ड है।

उन्होंने 2025 के सत्र में 21 और 2026 में 14 विकेट लिए। यह 27 वर्षीय खिलाड़ी टी20 प्रारूप में भारत का सबसे अधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज भी है। उन्होंने 104 मैचों में 151 विकेट लिए हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।