मांजरेकर का टीम इंडिया पर तंज: बोले- ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाफ दिखाओ आक्रामकता, पाकिस्तान को बताया कमजोर टीम

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के जश्न पर पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की आक्रामकता पर तंज कसते हुए कहा कि अगर मैदान पर आक्रामकता दिखानी है तो पाकिस्तान के बजाय अपने बराबर की टीमों के खिलाफ दिखानी चाहिए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड जैसी टीमों का नाम लेते हुए भारतीय खिलाड़ियों को इन टीमों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने की सलाह दी।
मांजरेकर ने क्या कहा?
मांजरेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान को आसान और कमजोर निशाना बताया। उन्होंने लिखा, ''अगर भारतीय क्रिकेटरों को मैदान पर आक्रामकता दिखानी है तो अब उसे अपने बराबर की टीमों को चुनना चाहिए। पाकिस्तान अब आसान और कमजोर निशाना है। मेरा सुझाव ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड हैं।''
आखिरी गेंद पर भारत ने जीता था फाइनल
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का फाइनल बेहद रोमांचक रहा। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 337 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम ने आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में नौ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और एक विकेट से खिताब अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय मुश्किल में फंस गई थी। 42वें ओवर में टीम ने 252 रन के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने नौवें विकेट के लिए 57 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत की उम्मीदें कायम रखीं। मनल ने 32 गेंदों पर 47 रन की तेज पारी खेली।
आखिरी विकेट ने दिलाई यादगार जीत
मनल चौहान के आउट होने के बाद भारत को जीत के लिए 36 रन की जरूरत थी। ऐसे मुश्किल समय में मोहित उल्वा को 11वें नंबर के बल्लेबाज सी. वेंकट का साथ मिला। वेंकट ने आठ गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाए। वहीं, मोहित ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। आखिरकार उन्होंने लेग स्पिनर अहमद हुसैन की गेंद पर वाइड लॉन्ग ऑफ की दिशा में चौका जड़कर भारत को यादगार जीत दिला दी।
भारत की इस रोमांचक जीत के बाद जहां युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं मांजरेकर की टिप्पणी ने टीम के जश्न और मैदान पर खिलाड़ियों के आक्रामक रवैये को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।