मुंबई ने उत्तराखंड को 86 रन से हराया: 26 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल, एक रन पर आउट हुए सूर्यकुमार यादव

मुशीर खान के अर्धशतक और अथर्व अंकोलेकर के तीन विकेट की मदद से मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप डी के मैच में गुरुवार को यहां उत्तराखंड को 86 रन से हराकर अजेय रहते हुए ग्रुप चरण में अपने अभियान का समापन किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर उत्तराखंड को 16.5 ओवरों में 123 रन पर आउट कर दिया।
मुंबई ने इस तरह से ग्रुप डी में 26 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उसने छह मैच जीते जबकि एक मैच रद्द कर दिया गया था। इक्कीस वर्षीय मुशीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाए और फिर अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से एक विकेट भी लिया। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने शानदार शुरुआत की। अंगकृष रघुवंशी और विकेटकीपर-बल्लेबाज हार्दिक तामोरे ने पहले विकेट के लिए 28 गेंद पर 66 रन जोड़े। तामोरे ने छह चौकों और दो छक्कों की मदद से सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन बनाए। रघुवंशी ने 34 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल हैं। यह साझेदारी टूटने के बाद मुशीर ने मुंबई की पारी की कमान संभाली जबकि सरफराज खान ने 15 गेंद पर 31 रन की तूफानी पारी खेली।
जगदीश सुचित ने 28 रन देकर तीन विकेट लिए
उत्तराखंड की तरफ से अनुभवी स्पिनर जगदीश सुचित ने 28 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने सरफराज को आउट किया और फिर शिवम दुबे को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद उन्होंने मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार का बहुमूल्य विकेट लिया, जो सिर्फ एक रन ही बना सके। उत्तराखंड की तरफ से रविंद्र नेगी ने भी तीन विकेट हासिल किए। उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। उसकी तरफ से शाश्वत डंगवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल हैं। मुंबई के गेंदबाजों में अथर्व अंकोलेकर ने 17 रन देकर तीन, जबकि मैक्सवेल स्वामीनाथन ने 35 रन देकर दो विकेट लिए।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।