टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका: अनुभवी स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर टीम से बाहर, हाथ में फ्रैक्चर के कारण नहीं खेलेंगे दोनों मैच

न्यूजीलैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान और अनुभवी स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत के खिलाफ पांचवें और अंतिम वनडे के दौरान सैंटनर के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया था।
इन खिलाड़ी को मिली टीम में जगह
न्यूजीलैंड क्रिकेट की मीडिया विज्ञप्ति के मुताबिक रविवार को पांचवें और अंतिम वनडे के दौरान बल्लेबाजी करते समय सैंटनर के हाथ में चोट लगने के बाद किए गए स्कैन से फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। सैंटनर की जगह सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को टॉम लैथम की अगुवाई वाली टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
सैंटनर की टीम में कब होगी वापसी?
फॉक्सक्रॉफ्ट ने मई में आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। सैंटनर कब तक वापसी कर पाएंगे इसके लिए अभी तक कोई समयसीमा तय नहीं है। न्यूजीलैंड को भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है और इससे पहले ही क्रिकेट बोर्ड उनकी चोट की स्थिति के बारे में जानकारी देगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में, जबकि दूसरा टेस्ट मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जाएगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।