पीएम मोदी ने पैरा एशियाई पदक विजेताओं का बढ़ाया हौसला: बोले-आपके संघर्षों और उपलब्धियों से प्रेरणा मिलती है, ये खिलाड़ी रहे मौजूद

बोले-आपके संघर्षों और उपलब्धियों से प्रेरणा मिलती है, ये खिलाड़ी रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एशियाई पैरा खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की और कहा कि उनके संघर्षों और उपलब्धियों से पूरे देश को प्रेरणा मिलती है। भारत ने पिछले महीने आइची नागोया में हुए एशियाई पैरा खेलों में 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 कांस्य समेत 114 पदक जीते । इस दौरान खेलमंत्री मनसुख मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से भी मौजूद थे । दो गोल्ड मेडल जीतने वाली भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी और दृष्टिबाधित फर्राटा धाविका सिमरन भी समारोह में उपस्थित थीं ।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ,‘‘ आपके संघर्षों और उपलब्धियों से हर भारतीय को प्रेरणा मिलती है । पहले माता-पिता बच्चों को खेलों में करियर बनाने में सहयोग करने में डरते थे । लोग कहते थे कि इस व्यवस्था का कुछ नहीं हो सकता जो प्रतिभा का सहयोग नहीं करती लेकिन जैसे आपने हार नहीं मानी, हम भी अपने लक्ष्य पर डटे रहे ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ हमने तय किया कि हमारे युवाओं की प्रतिभा व्यर्थ नहीं जाएगी । जिस व्यवस्था ने आपकी प्रगति में बाधा पहुंचाई, हमने उस व्यवस्था को बदलने का फैसला किया । अगर आज युवा को अपनी प्रतिभा पर भरोसा है तो उसे यह भी विश्वास है कि देश उसके साथ खड़ा है ।’’

61 खिलाडि़यों ने किया था डेब्यू

पीएम मोदी ने कहा कि भारत का प्रदर्शन उन खेलों में भी बेहतर हो रहा है जिनमें अतीत में हम उतने प्रतिस्पर्धी नहीं थे । उन्होंने कहा ,‘‘ जिन खेलों में पहले भारत का प्रतिनिधित्व सीमित था, हम उनमें मजबूत हो रहे हैं । तीरंदाजी, एथलेटिक्स, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो, पावरलिफ्टिंग जैसे कई खेलों में हमने प्रतिभाओं को तलाशा है और इनमें नये चैम्पियन निकल रहे हैं । पैरा एशियाई खेलों में 61 खिलाड़ियों ने पदार्पण किया था ।’’

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।