प्रज्ञान ओझा बने टीम इंडिया के नए चीफ सिलेक्टर: पूर्व स्पिनर रमेश पोवार टीम में शामिल, चयन समिति में पांच पूर्व क्रिकेटरों को मिली जिम्मेदारी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा को पुरुष टीम की सीनियर चयन समिति का अध्यक्ष बनाया है। वह अजित अगरकर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार को भी चयन समिति में शामिल किया गया है। नई समिति में प्रज्ञान ओझा के अलावा शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं।
प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और छह टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने टेस्ट में 113, वनडे में 21 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 10 विकेट लिए। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर छह विकेट रहा। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ओझा ने 108 मैचों में 424 विकेट हासिल किए। उन्होंने 2018 में बिहार की ओर से उत्तराखंड के खिलाफ अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच खेला था। आईपीएल में वह डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे। उन्होंने 92 मैचों में 89 विकेट लिए, हालांकि 2015 के बाद वह किसी आईपीएल टीम में शामिल नहीं हुए।
पोवार को चयन समिति में जगह
रमेश पोवार ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी दो अलग-अलग कार्यकाल में संभाल चुके हैं। पहली बार 2018 में उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी, जबकि मई 2021 में उनकी दोबारा नियुक्ति हुई थी।
सलाहकार समिति ने किया चयन
बीसीसीआई के अनुसार, क्रिकेट सलाहकार समिति में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। समिति ने बोर्ड मुख्यालय में आवेदकों की छंटनी और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद रमेश पोवार के नाम पर सहमति बनी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

