अब पुर्तगाल के लिए कभी नहीं खेलेंगे रोनाल्डो: इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट का किया ऐलान, सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो
दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब अपने देश पुर्तगाल के लिए कभी नहीं खेलेंगे। गुरुवार को उन्होंने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी। इसके साथ ही उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। रोनाल्डो ने छह फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया, लेकिन एक बार भी उनकी टीम चैंपियन नहीं बन पाई। रोनाल्डो ने यूरोपीय चैंपियनशिप का खिताब जीता और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने का पुरुष खिलाड़ियों का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
वीडियो के माध्यम से दी जानकारी
हालांकि अगस्त 2003 से शुरू हुए उनके शानदार करियर का अंत निराशाजनक अंदाज में हुआ। कोच जॉर्ज जीसस के साथ मतभेद के बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम से दूरी बना ली। इस 41 वर्षीय महान खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर जारी एक लंबे वीडियो संदेश में कहा, ‘‘पुर्तगाल के लोगों, वह दिन आ गया है जब मैं अपनी राष्ट्रीय टीम की सात नंबर की जर्सी वापस सौंप रहा हूं।’’
रोनाल्ड ने क्या कहा?
रोनाल्डो ने आगे कहा, ‘‘मैंने कभी नहीं माना कि यह जर्सी सिर्फ मेरी थी, लेकिन 23 वर्षों तक इसे पहनने, इसकी गरिमा बनाए रखने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ लेकर उतरने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मुझे मिली।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज इसे आने वाली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है। यह फैसला लेना आसान नहीं था, क्योंकि कुछ फैसले सिर्फ दिमाग से नहीं लिए जाते, बल्कि उनमें दिल की भी भूमिका होती है। अगस्त 2003 में शुरू हुआ सफर, जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी, अब समाप्त हो गया है।’’
कोच से हुआ था विवाद
उनके लंबे समय के समकालीन लियोनेल मेस्सी ने पिछले महीने अर्जेंटीना के लिए विदाई मैच खेलने के बाद अपना अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त किया। रोनाल्डो का पुर्तगाल के लिए आखिरी मुकाबला 24 सितंबर को वेल्स के खिलाफ रहा। नेशंस लीग के इस मैच में पुर्तगाल ने 1-0 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद जीसस ने अगले मैच में रोनाल्डो को शुरुआती एकादश में जगह नहीं दी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले मुकाबले में भी रोनाल्डो को शुरुआत से खिलाने की उनकी योजना नहीं है। इसके बाद रोनाल्डो ने टीम का शिविर छोड़ने का फैसला किया। जीसस ने हालांकि बाद में कहा कि रोनाल्डो का टीम में वापस स्वागत है और वापसी का फैसला उन्हें ही करना है।
पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने जारी किया बयान
पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने देश के लिए रोनाल्डो की सेवाओं के प्रति ‘गहरी कृतज्ञता और अपार सम्मान’ व्यक्त करते हुए बयान जारी किया। महासंघ ने कहा, ‘‘क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल की पहचान और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने उन युवा पीढ़ियों को प्रेरित किया है, जो उनके नक्शेकदम पर चलने का सपना देखते हैं। हममें से बहुत से लोगों के लिए वह सर्वकालीन महानतम खिलाड़ी हैं।’’ महासंघ ने यह भी कहा कि वह रोनाल्डो के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित करने की योजना बना रहा है, जिसमें प्रशंसकों और पूरे देश को एक बार फिर उस खिलाड़ी की सराहना और जश्न मनाने का मौका मिलेगा, जिसने पुर्तगाल को बहुत कुछ दिया है।
क्लब स्तर पर खेलते रहेंगे रोनाल्डो
मेस्सी की तरह रोनाल्डो भी क्लब स्तर पर खेलना जारी रखेंगे। उम्मीद है कि सऊदी अरब के क्लब अल-नासर के साथ मौजूदा सत्र के अंत में उनका क्लब करियर भी समाप्त हो जाएगा। रोनाल्डो फिलहाल अपने करियर के 1,000 गोल पूरे करने के लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं। उनके नाम अब तक 985 गोल दर्ज हैं। इनमें से रिकॉर्ड 146 गोल उन्होंने पुर्तगाल की ओर से 234 अंतरराष्ट्रीय मैचों में किए हैं।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का पुर्तगाल करियर
रोनाल्डो ने अगस्त 2003 में कजाकिस्तान के खिलाफ पुर्तगाल के लिए डेब्यू किया था। वे पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी और सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने 234 मैचों में 146 गोल किए हैं।
6 वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी हैं रोनाल्डो
रोनाल्डो ने 2006 में जर्मनी में अपना पहला वर्ल्ड कप खेला था। इसके बाद वह साल 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 के टूर्नामेंट में भी पुर्तगाल की टीम का हिस्सा रहे। इस तरह उन्होंने लगातार 6 वर्ल्ड कप खेले। वह छह अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बने। इन टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 27 मुकाबले खेले और 11 गोल किए। 2026 में उज्बेकिस्तान के खिलाफ गोल करके उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, उनका वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा ही रह गया। टीम का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2006 में रहा, जब वह सेमीफाइनल तक पहुंची और चौथे स्थान पर रही।
रोनाल्डों की प्रमुख उपलब्धियां
यूरो 2016: पुर्तगाल को उनका पहला यूरोपीय चैंपियनशिप खिताब जिताया।
नेशंस लीग 2019: पुर्तगाल के कप्तान के रूप में पहला नेशंस लीग खिताब जीता।
नेशंस लीग 2025: पुर्तगाल को उनका दूसरा नेशंस लीग खिताब जीतने में मदद की।
इंटरनेशनल गोल: 146, जो पुरुषों के इंटरनेशनल फुटबॉल में किसी भी खिलाड़ी द्वारा किए गए सबसे ज्यादा गोल हैं।
इंटरनेशनल मैच: 234, जो पुरुषों के फुटबॉल में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
वर्ल्ड कप रिकॉर्ड: 2026 में, वे टूर्नामेंट के छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने।
1000 गोल के करीब पहुंच रहे रोनाल्डो
भले ही रोनाल्डो का इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया हो, लेकिन एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने की उनकी कोशिश अभी भी जारी है। अल-नस्र के इस फॉरवर्ड खिलाड़ी के करियर में अब तक कुल 979 गोल हो चुके हैं और वे 1,000 गोल के आंकड़े के करीब पहुंच रहे हैं। पुर्तगाल की जर्सी पहनकर 23 सालों तक रिकॉर्ड्स के पीछे भागने के बाद, रोनाल्डो अब नेशनल टीम से विदा ले रहे हैं। उन्होंने अपनी नंबर 7 जर्सी अगली पीढ़ी को सौंप दी है, लेकिन टीम के इतिहास में उनकी जगह हमेशा के लिए पक्की हो गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

