न शतक, न दोहरा शतक: सचिन के दिल के करीब क्यों है पाकिस्तान के खिलाफ 57 रन की पारी? खोला बड़ा राज

सेव सूची

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक दर्ज हैं। उनके करियर में कई यादगार पारियां हैं, लेकिन मास्टर ब्लास्टर के दिल के सबसे करीब एक ऐसी पारी है, जिसमें उन्होंने शतक नहीं बल्कि सिर्फ 57 रन बनाए थे। सचिन ने पाकिस्तान के खिलाफ 1989 में सियालकोट टेस्ट की दूसरी पारी में खेली गई इस पारी को अपने करियर की निर्णायक पारी बताया है। उनके मुताबिक इस पारी ने भारत को टेस्ट मैच ड्रॉ कराने और चार मैचों की सीरीज बराबर रखने में अहम भूमिका निभाई थी।

सचिन ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के शरद पवार संग्रहालय में अपने करियर से जुड़े 'बैटोग्राफी' खंड के उद्घाटन के दौरान इस पारी की यादें साझा कीं। इस खंड में उनके करियर के अलग-अलग दौर के 25 बल्ले प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें वह पहला बल्ला भी शामिल है, जो उनकी बड़ी बहन सविता ने उन्हें उपहार में दिया था। इसके अलावा 2012 में 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के लिए इस्तेमाल किया गया बल्ला भी यहां रखा गया है।

34 रन पर चार विकेट गिरने के बाद खेली थी यादगार पारी

सचिन ने बताया कि पाकिस्तान दौरे पर सियालकोट में खेले गए चौथे और आखिरी टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय टीम मुश्किल में थी। टीम का स्कोर चार विकेट पर 34 रन था। ऐसे समय में उन्होंने 134 गेंदों पर 57 रन की अहम पारी खेली। वह करीब 193 मिनट तक क्रीज पर टिके रहे और भारत को मैच ड्रॉ कराने में मदद की। इसी के साथ चार टेस्ट मैचों की सीरीज 0-0 से बराबर रही।

सचिन ने कहा कि मेरे लिए करियर की निर्णायक पारी चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में थी, जब भारत का स्कोर चार विकेट पर 34 रन था और मैंने 57 या 58 रन बनाए थे। उस पारी ने हमारी सीरीज बचाई थी, लेकिन लोगों को सिर्फ वे चौके और छक्के याद हैं।

अब्दुल कादिर के खिलाफ लगाए थे छक्के

सचिन ने पाकिस्तान दौरे की एक और चर्चित घटना को याद किया। पेशावर में बारिश के कारण अंतरराष्ट्रीय मैच रद्द हो गया था। दर्शकों को निराश होकर लौटने से बचाने के लिए इसे प्रदर्शनी मैच में बदल दिया गया। सचिन ने बताया कि यह उनके जीवन का पहला अनौपचारिक टी-20 मुकाबला था।

इस मैच में उन्होंने मुश्ताक अहमद की गेंदों पर छक्के लगाए। इसके बाद पाकिस्तान के दिग्गज लेग स्पिनर अब्दुल कादिर गेंदबाजी करने आए। उन्होंने सचिन से कहा कि उन्हें छक्के लगाकर दिखाएं। इसके जवाब में सचिन ने आक्रामक बल्लेबाजी की। इस मुकाबले में उन्होंने 18 गेंदों पर 53 रन बनाए थे। सचिन ने कहा कि घर लौटने के बाद उन्हें अहसास हुआ कि दर्शकों को उनकी यह बल्लेबाजी काफी पसंद आई थी। हालांकि, उनके मुताबिक पाकिस्तान दौरे की सबसे अहम पारी सियालकोट में खेली गई 57 रन की पारी थी।

बहन ने दिया था पहला बल्ला

सचिन ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत से जुड़ी एक भावुक याद भी साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बहन सविता कश्मीर घूमने गई थीं। उन्हें उम्मीद थी कि बहन उनके लिए सेब और सूखे मेवे लेकर आएंगी, लेकिन उन्होंने क्रिकेट का बल्ला उपहार में दिया। सचिन के लिए यह अप्रत्याशित तोहफा था।

उन्होंने कहा कि बचपन में उन्होंने कई खेल खेले, लेकिन बहन से मिला वह बल्ला उनके लिए हमेशा खास रहा, क्योंकि उसी से उनकी क्रिकेट यात्रा शुरू हुई थी।

शराब और तंबाकू के विज्ञापन से बनाई थी दूरी

सचिन ने अपने करियर में शराब और तंबाकू से जुड़े ब्रांड के प्रायोजन प्रस्तावों को ठुकराने के फैसले के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके परिवार का था। 1996 वर्ल्ड कप के दौरान उन्हें ऐसा ही एक प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद करीब दो साल तक वह अपने बल्ले पर किसी कंपनी का स्टिकर लगाए बिना खेले।

सचिन ने बताया कि वर्ल्ड कप में शुरुआती दो मैचों में मैन ऑफ द मैच बनने के बाद बिना स्टिकर वाले बल्ले से खेलने को लेकर उनका भरोसा और बढ़ गया था। बाद में एक विदेशी कंपनी ने उनकी सभी शर्तें मानने की पेशकश की, लेकिन सचिन ने कहा कि वह बिना स्टिकर वाले बल्ले से रन बनाकर खुश थे।

सुनील जोशी के लिए बने बल्ले को बना लिया अपना पसंदीदा

सचिन ने 2009-10 की एक दिलचस्प घटना भी सुनाई। मोहाली में बल्ले बनाने वाले सोमी कोहली उनके कमरे में कुछ बल्ले दिखाने आए थे। इस दौरान सचिन की नजर एक ऐसे बल्ले पर पड़ी, जो भारतीय स्पिनर सुनील जोशी के लिए तैयार किया गया था।

सचिन ने उस बल्ले से एक गेंद मारी, जो सीधे छत से जा टकराई। उन्होंने तुरंत वह बल्ला अपने लिए मांग लिया और बदले में सुनील जोशी को दो अन्य बल्ले देने की पेशकश की। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले उन्होंने हैदराबाद पहुंचकर उस बल्ले के बारे में जानकारी ली। मैच वाले दिन टीम बस के रवाना होने से ठीक पहले वह बल्ला उनके पास पहुंचा। सचिन ने बताया कि उन्होंने उस बल्ले से पहले एक भी गेंद नहीं खेली थी, फिर भी उसे लेकर मैदान पर उतरे। बाद में वह उनके पसंदीदा बल्लों में शामिल हो गया।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।