टेनिस संघ के अध्यक्ष प्रशांत सुतार का लक्ष्य: टेनिस खिलाड़ियों की संख्या 10 लाख तक पहुंचाना, मजबूत और टिकाऊ व्यवस्था विकसित करने की जरूरत

टेनिस खिलाड़ियों की संख्या 10 लाख तक पहुंचाना, मजबूत और टिकाऊ व्यवस्था विकसित करने की जरूरत
सेव सूची

अखिल भारतीय टेनिस संघ के 27 नवंबर को होने वाले चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिए महान खिलाड़ी लिएंडर पेस को चुनौती दे रहे महाराष्ट्र राज्य लॉन टेनिस संघ के अध्यक्ष प्रशांत सुतार का लक्ष्य देश में टेनिस खेलने वाले लोगों की संख्या को अगले चार से आठ वर्षों में 10 लाख तक पहुंचाना है। सुतार का मानना है कि भारतीय टेनिस को कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों पर निर्भर रहने के बजाय एक मजबूत और टिकाऊ जमीनी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए बेहतर खेल सुविधाएं, नियमित प्रतियोगिताएं और प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।

सुतार ने कहा, आज अगर एक लाख खिलाड़ी टेनिस खेल रहे हैं, तो हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अगले चार से आठ वर्षों में यह संख्या कम से कम 10 लाख तक पहुंचे। मेरा मुख्य उद्देश्य देशभर में टेनिस के लिए बुनियादी ढांचे का मजबूत तंत्र तैयार करना और इस खेल के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाना है। हमें खिलाड़ियों की ऐसी नयी पौध तैयार करनी होगी, जिससे अध्यक्ष या सचिव कोई भी हो, व्यवस्था लगातार अच्छे खिलाड़ी तैयार करती रहे। सुतार ने प्रस्ताव रखा कि आईटीएफ और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को पांच टूर्नामेंट खेलने के बाद आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। वह इसके साथ ही चाहते हैं कि एआईटीए ऐसे प्रशिक्षकों का एक समूह तैयार करे, जो संघ के खर्च पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के साथ जा सकें।

पद को महत्व देने के बजाय काम में विश्वास

मैं पूर्वोत्तर राज्यों के टेनिस संघों के साथ मिलकर वहां एक टिकाऊ टेनिस व्यवस्था विकसित करना चाहता हूं। इसके लिए बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और नियमित प्रतियोगिताओं तक खिलाड़ियों की पहुंच सुनिश्चित करनी होगी। पेस के खिलाफ चुनावी मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल पर सुतार ने कहा कि वह किसी विशेष पद को महत्व देने के बजाय अपने काम और योगदान के आधार पर प्रशासनिक जिम्मेदारियां हासिल करने में विश्वास रखते हैं। मैंने एक समर्थक के रूप में शुरुआत की थी। इसके बाद परिषद सदस्य, उपाध्यक्ष, अध्यक्ष और अंततः महाराष्ट्र में संघ का अध्यक्ष बना। मेरा मानना है कि विकास कार्यों के माध्यम से धीरे-धीरे आगे बढ़ना चाहिए।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।