वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप: भारतीय महिला टीम ने साधा गोल्ड पर निशाना, ईशा और मनु फाइनल में
भारत की स्टार पिस्टल निशानेबाज और एशियाई खेलों में कई पदक जीत चुकीं ईशा सिंह ने मंगलवार को दोहा आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का गोल्ड मेडल दिलाया। इसके अलावा ईशा ने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह पक्की कर ली है।
साउथ कोरिया की टीम दूसरे स्थान पर रही
ईशा ने दो दिन तक चली क्वालीफिकेशन मुकाबले में 590 अंकों के साथ भारतीय तिकड़ी में शीर्ष स्थान हासिल किया। मनु भाकर के 587 और दिव्या सुब्बाराजू के 584 अंकों की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 1761 अंक जुटाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। साउथ कोरिया ने 1748 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही।
व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में पहुंचीं ईशा
भारत की प्रमुख पिस्टल निशानेबाजों में शामिल 21 वर्षीय ईशा ने व्यक्तिगत पदक के साथ-साथ 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने की अपनी उम्मीदें भी मजबूत कर ली हैं। उन्होंने क्वालीफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल करते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल में प्रवेश किया। जर्मनी की डोरेन वेनकैम्प ने 592 अंकों के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। हंगरी की अनुभवी निशानेबाज वेरोनिका मेजर 591 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
विश्व चैंपियनशिप से पहले लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही मनु भाकर ने भी शानदार वापसी करते हुए फाइनल में जगह बना ली। वह 587 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहीं। दिव्या सुब्बाराजू बेहद मामूली अंतर से फाइनल में पहुंचने से चूक गईं और 10वें स्थान पर रहीं।
ईशा ने किया शानदार प्रदर्शन
ईशा ने सोमवार को प्रिसिजन चरण में 292 अंक हासिल किए थे, लेकिन मंगलवार को रैपिड चरण में दमदार वापसी की। उन्होंने तीन सीरीज में क्रमशः 100, 98 और 100 अंक अर्जित किए। इस तरह रैपिड चरण में 298 अंक और कुल 590 अंकों के साथ उन्होंने अपना अभियान शानदार ढंग से आगे बढ़ाया।
मनु भाकर ने भी प्रिसिजन चरण के 289 अंकों के बाद रैपिड चरण में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन सीरीज में 99, 99 और 100 अंक हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। भारत के पास अब ओलंपिक कोटा की संख्या बढ़ाने का सुनहरा मौका है। व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने वाले तीनों निशानेबाजों के देशों को लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा मिलेगा। ऐसे में अगर ईशा और मनु दोनों पोडियम पर जगह बनाने में सफल रहती हैं तो भारत को दो और ओलंपिक कोटा मिल सकते हैं।
जयपाल मालवीय ने हासिल किया ओलंपिक का पहला कोटा
इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर भारत के लिए लॉस एंजिलिस ओलंपिक का पहला कोटा हासिल किया था। वह इस विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले पहले निशानेबाज बने।
महिला टीम का गोल्ड मेडल और दो निशानेबाजों का व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचना भारतीय अभियान के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। अब तक प्रतियोगिता में भारत का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। खासकर राइफल स्पर्धाओं में निरंतरता की कमी देखने को मिली है। इसके अलावा राइफल निशानेबाज शांभवी क्षीरसागर के अयोग्य घोषित किए जाने से जुड़ा विवाद भी भारतीय अभियान पर छाया रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।