‘पापा की सुरक्षा हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो जाए’: राजीव गांधी की मौत पर राहुल का बड़ा आरोप, मां सोनिया के साथ बातचीत का वीडियो कांग्रेस ने साझा किया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाना महज एक घटना या संयोग नहीं था, बल्कि ऐसा जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या हो सके। राहुल ने दावा किया कि उनके पिता के खिलाफ ऐसा माहौल बनाया जा रहा था, जिससे उनकी जान को खतरा पैदा हुआ।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने यह बातें अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ बातचीत के दौरान कही हैं। इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
राहुल गांधी ने कहा, ''पूर्व प्रधानमंत्री की सुरक्षा हटाया जाना महज एक हादसा नहीं था। यह जानबूझकर किया गया था ताकि उनकी हत्या हो जाए। उनके खिलाफ ऐसा माहौल बनाया गया था कि उनकी हत्या हो। जो कुछ हो रहा था, वह स्पष्ट था।'' उन्होंने बताया कि पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता की बात वह पहले भी अपने पिता और मां सोनिया गांधी से कर चुके थे। राहुल के मुताबिक, उस समय जो परिस्थितियां बन रही थीं, उन्हें लेकर परिवार चिंतित था।
सोनिया ने बिहार दौरे और पथराव का किया जिक्र
बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के करीब 35 साल पुराने बिहार दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान राजीव गांधी खुली जीप में यात्रा कर रहे थे और उन पर पथराव किया गया था।
सोनिया गांधी ने कहा कि जब कोई नेता विपक्ष में होता है और ऐसे राज्य में जाता है, जहां दूसरी पार्टी की सरकार है, तो कई बार उसकी सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
मां के अपमान से दुखी हुए राहुल
राहुल गांधी ने बातचीत में अपनी मां सोनिया गांधी के साथ हुए व्यवहार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी मां का अपमान होते देखा है और उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया।
राहुल ने कहा, ''एक बेटे के तौर पर यह सब देखकर मुझे बहुत बुरा लगा।''
1989 में हटाई गई थी राजीव गांधी की एसपीजी सुरक्षा
राजीव गांधी के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद 1989 में वीपी सिंह के नेतृत्व में बनी केंद्र सरकार ने उनकी विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) सुरक्षा वापस ले ली थी। इसके बाद उन्हें पहले की तुलना में कम सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी।
21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनाव प्रचार के दौरान लिट्टे की आत्मघाती हमलावर ने राजीव गांधी की हत्या कर दी थी। यह घटना भारतीय राजनीति के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासद घटनाओं में से एक मानी जाती है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।
