सोनिया ने अपनी किताब में पीएम मोदी का किया जिक्र: बोलीं-आमने-सामने आने पर आंख मिलाने से बचते हैं प्रधानमंत्री, उनसे कभी खुलकर बातचीत नहीं हुई

दिल्ली|
सेव सूची

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कई बातें कही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनका व्यावहारिक रूप से कभी कोई वास्तविक संपर्क नहीं रहा है और जब भी दोनों आमने-सामने होते हैं तो मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं।

उनका यह भी कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी भारत को लेकर अपने विचार के लिए संघर्ष कर रहे हैं और वह अपने दृष्टिकोण के लिए आगे बढ़ रही हैं। हालांकि, सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में यह भी कहा है कि मोदी ने निश्चित रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के भीतर एक वंचित पृष्ठभूमि से उठकर सत्ता तक का सफर तय किया है, लेकिन उनकी शुरुआती जिंदगी शायद उतनी साधारण नहीं रही होगी, जितनी उनके प्रचार दल ने उनकी छवि गढ़ते हुए पेश की है।

सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को लेकर क्या कहा?

सोनिया गांधी ने पुस्तक में लिखा है, ‘‘नरेंद्र दामोदरदास मोदी को प्रधानमंत्री बने 12 साल से अधिक हो चुके हैं और यह उनका तीसरा कार्यकाल है। इसके बावजूद आज तक मेरा उनसे व्यावहारिक रूप से कोई वास्तविक संपर्क नहीं रहा है। हमारी मुलाकात अर्ध-आधिकारिक कार्यक्रमों में होती है। उदाहरण के लिए, संसद के प्रत्येक सत्र के समापन पर, जब प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता परंपरागत रूप से लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में एकत्र होते हैं।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘वह बहुत छोटा कमरा है और आमतौर पर वहां कई लोग मौजूद होते हैं, लेकिन जब मोदी मेरे सामने आते हैं, तो हम औपचारिक रूप से नमस्ते करते हैं। पहले ऐसा नहीं था। उस समय अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता भी एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते थे। वह नजरें फेर लेते हैं और आंखें मिलाने से बचते हैं।’’

कभी खुलकर बात नहीं हुई

पुस्तक के अनुसार, जब सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती रहने के बाद लौटीं, तो कुछ मौकों पर मोदी ने उनसे पूछा, ‘‘ठीक हैं आप?’’ इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘‘जी, अब मैं ठीक हूं, धन्यवाद।’’ उन्होंने लिखा कि इस तरह की संक्षिप्त बातचीत के अलावा हमारी कभी वास्तव में कोई बातचीत नहीं हुई। हालांकि, वर्षों के दौरान हमने एक-दूसरे को जन्मदिन और नववर्ष की औपचारिक शुभकामनाएं दी हैं। गांधी ने स्वीकार किया कि दोनों अलग-अलग वैचारिक पृष्ठभूमि से आते हैं और देश को लेकर मोदी की सोच उनकी सोच से बिल्कुल अलग है।

उन्होंने लिखा, ‘‘भारत के बारे में मैंने जो कुछ भी सीखा, वह अपने परिवार के सदस्यों, उनके सेवाभाव और ऐसे राष्ट्र में उनके विश्वास से सीखा। इसमें अनेक नस्लों, संस्कृतियों और भाषाओं के लोगों के लिए जगह हो तथा जो सभी के लिए स्वतंत्रता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित हो। पीएम नरेंद्र मोदी का भारत संबंधी विचार आरएसएस के विचारकों और उनके अपने बचपन के अनुभवों से निर्मित हुआ। इसमें एक ऐसी कट्टरता की पुष्टि होती है, जिसमें उनका धर्म और संस्कृति अन्य सभी से ऊपर है।’’

दोनों के विचार अलग-अलग

उन्होंने कहा, ‘‘वह अपने भारत के दृष्टिकोण के लिए संघर्ष कर रहे हैं और मैं अपने दृष्टिकोण के लिए। मेरा भारत वर्चस्व के खिलाफ, समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के पक्ष में खड़ा है। यह व्यक्तिगत मामला नहीं है।’’ सोनिया ने कहा कि मोदी का राजनीति में आने का रास्ता उनके अपने राजनीतिक सफर से बिल्कुल अलग है।

उन्होंने लिखा कि हालांकि, अपने समय के सत्ताधारी अभिजात वर्ग को लेकर उनकी असहजता के कुछ पहलुओं को मैं भी अच्छी तरह समझ सकती थी। दिल्ली के किसी ड्राइंग रूम में राजनीतिक चर्चा के दौरान मैं अक्सर खुद को असहज महसूस करती थी। वहां व्यक्त किए जाने वाले विचार भारत की वास्तविकता से बहुत दूर होते थे। अपने निर्वाचन क्षेत्र में और देशभर की यात्राओं के दौरान मैंने लोगों का जो दुख-दर्द और जीवनयापन के लिए उनका संघर्ष देखा था, वह इस विशेषाधिकार प्राप्त वर्ग की कल्पना से परे था।’’

हमेशा का विपक्ष का मजाक उड़ाते हैं पीएम मोदी

सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी की पृष्ठभूमि शायद उतनी साधारण नहीं रही होगी, जितनी उनके प्रचार दल ने उनकी छवि बनाते हुए बताई है, लेकिन उन्होंने आरएसएस के भीतर एक वंचित दुनिया से उठकर निश्चित रूप से सत्ता तक अपना रास्ता बनाया।

उन्होंने पुस्तक में लिखा, ‘‘संसद में बोलते समय मोदी कई बार उसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिसका इस्तेमाल वह सार्वजनिक रैलियों में करते हैं। अधिकतर समय वह विपक्ष का उपहास उड़ाते हैं और उनके भाषणों को किसी भी तरह से तीखी लताड़ ही कहा जा सकता है। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू उनकी पार्टी की शत्रुता का खास निशाना हैं, क्योंकि नेहरू ने भारत को लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष रास्ते पर आगे बढ़ाया था।’’

भाजपा का घोषित लक्ष्य है ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’

सोनिया गांधी ने लिखा कि संघ परिवार की विभिन्न इंटरनेट साइट नेहरू के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अपशब्दों और झूठी बातों से भरी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषित लक्ष्य ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ है, यानी कांग्रेस पार्टी, उसकी नीतियों और विचारधारा से मुक्त भारत है। सोनिया ने गांधी ने लिखा कि मेरा मानना है कि यह विरोध प्रधानमंत्री को आरएसएस से मिले वैचारिक संस्कारों का नतीजा है। इसने अपने कार्यकर्ताओं में हिंदू धर्म के एक ऐसे बहिष्कारी और कठोर स्वरूप के प्रति प्रतिबद्धता पैदा की है, जिसे राजनीतिक एजेंडे का रूप दे दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपनी सास (इंदिरा गांधी) से जिस आस्था के बारे में सीखा, वह भारत में सदियों से आम लोगों द्वारा आत्मसात जाती रही है। स्वतंत्रता संग्राम के दिग्गजों से लेकर गांवों के सबसे गरीब लोगों तक, यह आस्था विविध मान्यताओं और अलग-अलग मार्गों को अपनाती है। यह किसी एक देवता, मत, पैगंबर या धर्मग्रंथ तक सीमित नहीं है और इसमें असहमति की परंपराओं को भी स्थान मिला है।’’

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने लिखा कि उन्हें महात्मा गांधी की व्याख्या के अनुरूप अहिंसा और धर्म के सिद्धांतों की शिक्षा मिली और इसी से स्वीकार्यता एवं समझ की उनकी अपनी अनुभूतियां विकसित हुईं। उन्होंने कहा, ‘‘बेशक, सदियों पुरानी जाति व्यवस्था ने भारतीय समाज में उत्पीड़न और असमानता की लंबी समस्याएं पैदा की हैं। लेकिन सामाजिक सुधार के कई प्रमुख व्यक्तित्वों ने हिंदू धर्म के भीतर मौजूद विचारों के आधार पर ही जाति व्यवस्था की जकड़न को चुनौती दी और उस पर सवाल उठाए।’’

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।