अयोध्या में खड़ा हुआ नया राजनीतिक विवाद: दीपोत्सव के बाद दीयों से तेल बटोरते लोगों के वीडियो पर अखिलेश ने भाजपा को घेरा, कही ये बड़ी बात
अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के बाद सरयू नदी के घाटों पर दीयों से बचा हुआ तेल एकत्र करते लोगों के वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि गरीबों को तेल बटोरने के लिए अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अयोध्या के महापौर एवं भाजपा नेता गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि नगर प्रशासन ने दीपोत्सव से पहले जरूरतमंद लोगों के बीच तेल और मिठाइयां वितरित की थीं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर साझा किए दो वीडियो
यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब शनिवार को आयोजित दसवें दीपोत्सव में 30 लाख मिट्टी के दीये जलाकर गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद बचे हुए तेल को इकट्ठा करने के लिए लोगों की भीड़ के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। अखिलेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर दो वीडियो साझा किए, जिनमें कुछ लोग सरयू घाट पर डंडे लेकर दूसरों को दीयों से तेल इकट्ठा करने से रोकते और कथित तौर पर उनकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं।
सपा प्रमुख ने क्या कहा?
सपा प्रमुख ने पोस्ट में कहा, ''कुछ महीनों बाद हम अपनी पीडीए सरकार बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे, जिससे किसी शोषित, वंचित और गरीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े।'' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अयोध्या में नारी वंदन के नाम पर हिंसक दृश्य पेश किया है। उन्होंने महिला आयोग से आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। अखिलेश ने कहा कि अगला चुनाव महिला और युवा बनाम भाजपा होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने देर रात एक अन्य पोस्ट में अयोध्या का सम्मान बहाल करने, मंदिरों की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और शहर में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित करने का वादा किया। उन्होंने पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा देने, स्थानीय लोगों को रोजगार देने और जमीन से जुड़े कथित घोटालों की जांच कराने की बात भी कही।
अयोध्या के मेयर ने क्या कहा?
सपा प्रमुख के आरोपों पर अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि नगर प्रशासन को इस समस्या की जानकारी थी और उसने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए थे कि उत्सव से पहले जरूरतमंद लोगों को तेल मिल जाए। त्रिपाठी ने कहा कि इस साल भी हमने झुग्गी-बस्तियों और जरूरतमंद लोगों के बीच तेल एवं मिठाइयां बांटी हैं। इस बार मैंने खुद विशेष ध्यान रखा और वितरण की निगरानी की। फिर भी, ऐसी घटनाएं हो जाती हैं।
महापौर ने कहा कि इस समस्या का एक संभावित समाधान यह हो सकता है कि कार्यक्रम के तुरंत बाद सभी दीये हटा दिए जाएं। उन्होंने कहा कि हालांकि, दीयों की संख्या बहुत अधिक है और उनमें से ज्यादातर जल रहे होते हैं, इसलिए उन्हें तुरंत हटाना मुश्किल हो जाता है। महापौर ने इस समस्या का समाधान तलाशने की जरूरत भी स्वीकार की।
कांग्रेस ने भी साधा निशाना
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर योगी सरकार पर हमला बोला है। पार्टी ने लिखा कि एक तरफ दीपोत्सव के नाम पर लाखों दीयों की आतिशबाजी और करोड़ों रुपये के विज्ञापन किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं दीयों से बचा तेल बीनने वाले गरीबों पर डंडे बरसाए जाते हैं। कांग्रेस ने इसे सरकार की झूठी शान का उदाहरण बताते हुए आयोजन की भव्यता और गरीबों के साथ कथित व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।
