औकात में रहो वरना 'बोटी-बोटी करवा दूंगा': डीडीयू के अतिरिक्त नियंता ने वरिष्ठ लिपिक को धमकाया, बोले- संघ से आता हूं कुछ बिगाड़ नहीं पाओगे
दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर यूनिवर्सिटी में इन दिनों मारपीट और गाली-गलौज के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। अभी छात्र नेताओं के बीच घमासान व विधि विभाग का विवाद समाप्त नहीं हुआ कि नए वायरल वीडियो ने यूनिवर्सिटी का माहौल एक बार फिर गरमा दिया है। ताजा मामला डीडीयू के विधि विभाग का है, जहां तीन दिन पहले असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. वेद प्रकाश राय ने कुलपति को पत्र लिखकर वरिष्ठ लिपिक पर अभद्रता व भद्दी गालियां देने का आरोप लगाया था, तो वहीं शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया। वीडियो में अतिरिक्त नियंता डॉ. वेद प्रकाश राय, वरिष्ठ लिपिक संतोष कुमार को भद्दी गालियां देने के साथ ही औकात में रहने की नसीहत दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारी को आचरण में सुधार न होने पर बोटी-बोटी करवा देने की धमकी दे डाली। हालांकि, नव्य जागरण इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामला परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से मिले पेपर के लिफाफे को लेकर है। वरिष्ठ लिपिक संतोष कुमार विभाग में पेपर का लिफाफा देने गए थे। आरोप है कि साढ़े चार बजे से पहले लिफाफा लेकर आने को लेकर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. वेद प्रकाश राय से उनका विवाद हो गया। इसके बाद मामला आगे बढ़ा तो गाली-गलौज और धमकी की बौछार होने लगी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में डॉ. वेद प्रकाश राय, वरिष्ठ लिपिक को भद्दी गालियां और औकात में रहने की नसीहत देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अतिरिक्त नियंता द्वारा कर्मचारी को दो दिन के भीतर आचरण में सुधार न होने पर ‘बोटी-बोटी करवा देने’ की धमकी दी गई।

जातिसूचक शब्द और नौकरी से हटाने का आरोप
वरिष्ठ लिपिक संतोष कुमार ने कुलसचिव को दिए शिकायत पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अतिरिक्त नियंता ने अभद्रता करने के साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. वेद ने उन्हें दो दिन के भीतर जान से मरवाने की धमकी दी। शिकायती पत्र में वरिष्ठ लिपिक ने कहा, डॉ. वेद प्रकाश राय बोले- वह संघ से आते हैं और उनका कुछ बिगड़ेगा नहीं। साथ ही, दो दिनों में पीड़ित लिपिक को यूनिवर्सिटी से हटवाने की भी धमकी दी गई है। कर्मचारी का दावा है कि अतिरिक्त नियंता का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वे कई बार उन्हें धमका चुके हैं। इस बार विवाद धमकी और गाली-गलौज से आगे बढ़कर उनकी सुरक्षा के सवाल तक पहुंच गया है।

पहले भी विवादों में रहा नाम
डॉ. वेद प्रकाश राय का नाम इससे पहले भी यूनिवर्सिटी के कई विवादों में सामने आता रहा है। पूर्व कुलपति के कार्यकाल में भी उनका विवाद हुआ था। छात्र नेता से जुड़ा उनका विवाद काफी चर्चा में रहा। अब वरिष्ठ लिपिक से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

सीसीटीवी जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ित कर्मचारी ने कुलसचिव से पूरे मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने विभाग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर अतिरिक्त नियंता के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि कुलपति और एससी/एसटी आयोग को भी भेजी गई है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सवाल यूनिवर्सिटी प्रशासन की अगली कार्रवाई को लेकर है। यदि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है, तो मामला सिर्फ गाली-गलौज तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि कर्मचारी की सुरक्षा और धमकी के आरोपों पर भी प्रशासन को जवाब देना होगा। वहीं, आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जानकारों का मानना है कि मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो सकती है।












