टेस्ट सीरीज के लिए गिल का मास्टर प्लान तैयार: न्यूजीलैंड के खिलाफ चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा भारत, पंत को लेकर क्या बोले भारतीय कप्तान?

न्यूजीलैंड के खिलाफ चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा भारत, पंत को लेकर क्या बोले भारतीय कप्तान?
सेव सूची

न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम की रणनीति साफ कर दी है। भारत इस बार चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगा। गिल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि टीम के सभी तेज गेंदबाजों ने हालिया प्रदर्शन से अपनी उपयोगिता साबित की है। हालांकि, अंतिम एकादश में किन चार गेंदबाजों को मौका मिलेगा, इसका फैसला परिस्थितियों को देखकर किया जाएगा। कप्तान ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की फिटनेस और फॉर्म पर उठ रहे सवालों को भी खारिज किया।

गिल ने मंगलवार को कहा कि हम निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेंगे। हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और यह टीम के लिए अच्छी चुनौती है। भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 3-1 से जीती है। अब टीम की नजर टेस्ट सीरीज में भी जीत हासिल करने पर है।

बुमराह की वापसी से मजबूत होगा गेंदबाजी आक्रमण

भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को अनुभवी जसप्रीत बुमराह की वापसी से मजबूती मिलेगी। वहीं, सीमित ओवरों की सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले गुरनूर बराड़ को भी टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने स्पिनर कुलदीप यादव की जगह ली है। आकाश दीप और प्रसिद्ध कृष्णा के भी तेज गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा बनने की उम्मीद है। इसके अलावा अंशुल कंबोज ने प्रैक्टिस के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का ध्यान खींचा है।

गिल के मुताबिक, न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में ऐसे गेंदबाजों की जरूरत होगी, जो पुरानी गेंद से भी पिच पर गेंद को अच्छी तरह पटक सकें। उन्होंने कहा कि तीसरे दिन के बाद पिच सपाट हो जाती है, ऐसे में गेंदबाजों की भूमिका अहम होगी। वेलिंगटन में चलने वाली तेज हवाएं भी गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती हैं।

पंत पर गिल का भरोसा, बोले- कोई दुविधा नहीं

ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर उठ रहे सवालों पर गिल ने उनका खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पंत को लेकर टीम में कोई दुविधा नहीं है। वह 50 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और दुनिया के अलग-अलग देशों में रन बना चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाने वाले पंत एक अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। कप्तान के इस बयान से साफ है कि टीम प्रबंधन को उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है।

सात विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ उतरने की तैयारी

गिल ने बताया कि भारतीय टीम सात विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ उतरने की योजना बना रही है। हालांकि, आठवें और नौवें नंबर पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी किसे दी जाए, इस पर विचार किया जा रहा है। आकाश दीप और अंशुल कंबोज दोनों निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी कर सकते हैं। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी भी अच्छी बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं।

कप्तान ने कहा कि न्यूजीलैंड में टेस्ट मैच को दो अलग-अलग चरणों में देखना होगा। शुरुआती दो दिनों और आखिरी तीन दिनों में पिच की परिस्थितियां काफी बदल जाती हैं। इसके अलावा कूकाबुरा गेंद पुरानी होने के बाद तेज गेंदबाजों के सामने अलग तरह की चुनौती पेश करती है। ऐसे में टीम को संतुलित गेंदबाजी संयोजन चुनना होगा।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल पर भी नजर

भारतीय टीम इस टेस्ट सीरीज को काफी अहम मान रही है। गिल ने कहा कि अगर भारत दोनों टेस्ट मैच जीतने में सफल रहता है तो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं काफी मजबूत हो जाएंगी। इसी वजह से टीम प्रबंधन ने प्रमुख खिलाड़ियों को टेस्ट की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया और अधिकतर खिलाड़ियों को वनडे सीरीज से बाहर रखा। अब भारतीय टीम की कोशिश न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट में भी शानदार प्रदर्शन करने की होगी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।