अयोध्या में सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना: बोले-रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले माफी मांगकर ही आएं, अब यहां कोई दंगा नहीं करा सकता

अयोध्या|
बोले-रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले माफी मांगकर ही आएं, अब यहां कोई दंगा नहीं करा सकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठीचार्ज कराया, उन्हें माफी मांगने के बाद ही यहां आना चाहिए।

सीएम योगी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के अवसर पर राम कथा पार्क में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में भगवान श्रीराम का राजतिलक करने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, संतों पर लाठीचार्ज कराया और अयोध्या की उपेक्षा की, उन्हें अपने किए की माफी राम भक्तों और संतों से मांगने के बाद ही इस पवित्र नगरी में आना चाहिए।’’

12 को अयोध्या आने वाले हैं अखिलेश यादव

मुख्यमंत्री का यह बयान समाजवादी पार्टी के एक विधायक द्वारा यह घोषणा किए जाने के बाद आया है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिस अयोध्या में कभी श्रीराम का नाम लेने पर लाठियां और गोलियां चलती थीं, जहां राम के नाम पर प्रतिबंध लगाने का पाप किया जाता था और जिसे पूरी तरह उपेक्षित एवं अभिशप्त बना दिया गया था, आज वही अयोध्या त्रेता युग की स्‍मृतियों को जीवंत करते हुए फिर से जीवंत हो उठी है।’’

सीएम ने विपक्ष पर बोला हमला

आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग अयोध्या की गलियों को रक्तरंजित करते थे, आज वे भी अपना लोभ संवरण नहीं कर पा रहे हैं। जब वे कथा में जाते हैं तो उन्हें यह भी पता नहीं रहता कि वहां कथा हो रही है या मुशायरा, लेकिन अपने उच्छृंखल आचरण के कारण वे उसे अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।’’

जय श्रीराम बोलने पर रोक लगाते थे : सीएम

आदित्यनाथ ने कहा, ''जो लोग कभी कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, जो जय श्रीराम बोलने पर रोक लगाते थे, वे आज राम मंदिर में दर्शन करने का सपना देख रहे हैं। ऐसे लोगों को पहले रामभक्तों और पूज्य संतों से अपने कृत्यों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और पश्चाताप करना चाहिए।''

भाजपा सरकार में कोई दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता

आदित्यनाथ ने ‘‘डबन इंजन’’ की सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में हुए विकास का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जिन लोगों ने राम के अस्तित्व को नकारने का काम किया, आज उन्हें इतनी सद्बुद्धि आई है कि वे राम को स्वीकार कर रहे हैं।’’ भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा अब अयोध्या में कोई दंगा-फसाद करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा।

भारत में अराजकता पैदा करने की हो रही है साजिश

विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा ''एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में देश विरासत, विकास और लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कोप भवन में बैठे हुए मंथरा और मारीच इस पूरी व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए फिर से नक्सलवाद, आतंकवाद और अराजकता पैदा करके भारत को अस्त-व्यस्त करने की साजिश रच रहे हैं।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौती कितनी भी कठिन क्यों न हो, सामने कितना भी बड़ा सागर क्यों न हो, लेकिन जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और जनता के प्रति प्रतिबद्धता में संकल्प छिपा हो तो दुनिया की कोई ताकत विजय प्राप्त करने से नहीं रोक सकती। आदित्यनाथ ने कहा, “दस वर्ष पहले क्या कोई कल्पना कर सकता था कि अयोध्या में इतना भव्य दीपोत्सव होगा? क्या उत्तर प्रदेश में ऐसा उत्सव का माहौल संभव था, जहां देर रात भी कोई बेटी और बहन बेखौफ होकर अपने घर लौट सके?”

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।