डग्गामार बस की टक्कर से आरक्षी की मौत: ड्यूटी कर लौट रहे थे घर, हरदोई के रहने वाले थे सिपाही

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
ड्यूटी कर लौट रहे थे घर, हरदोई के रहने वाले थे सिपाही

वॉल्टरगंज थाना क्षेत्र के बालेडीहा के पास सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक आरक्षी की मौत हो गई। सिद्धार्थनगर जनपद में तैनात आरक्षी मिथिलेश ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से अपने पैतृक घर हरदोई जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक डग्गामार मिनी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल आरक्षी को तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। हालांकि उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही। बताया जा रहा है कि उन्हें समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। इसके चलते अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार में मचा कोहराम

आरक्षी मिथिलेश हरदोई जिले के कोठावा तहसील क्षेत्र स्थित लोधौरा गांव के निवासी थे। परिजनों के अनुसार वह एक किसान परिवार से थे। नई भर्ती के तहत पुलिस विभाग में शामिल हुए थे। ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वॉल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। संबंधित बस के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।