तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से दो युवकों की मौत: रिश्तेदार से मिलने नर्सिंग होम जा रहे थे दोनों युवक, हिरासत में आरोपी

सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तू पट्टी गांव स्थित मंदिर के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान चककोट खानकाह गांव निवासी 26 वर्षीय मिथलेश यादव तथा गाहूखोर हसनपुर निवासी 24 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि मिथलेश यादव अपने एक रिश्तेदार से मिलने संजरपुर बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम जा रहे थे। उनके साथ उनके मित्र सचिन कुमार भी बाइक पर सवार थे। दोनों सरायमीर से संजरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छित्तू पट्टी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके से फरार हो गया था आरोपी
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी चालक संजय की पहचान कर ली। सरायमीर थाना पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मिथलेश यादव एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। वहीं सचिन कुमार अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था और वाहन चलाकर परिवार का सहयोग करते थे। दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









