महराजगंज में कमरे में फंदे से लटका मिला महिला का शव: दो साल पहले हुई थी शादी, मायके पक्ष ने लगाया दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप

जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत खैंचा ग्राम पंचायत से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक घर के भीतर 28 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।
मृतका की शादी महज दो साल पहले हुई थी। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया हैं। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम पंकज लता (28 वर्ष) था। शुक्रवार शाम को पंकज लता का शव उनके ससुराल के एक कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। साथ ही क्षेत्राधिकारी सदर ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
रोते-बिलखते पहुंचे मायके पक्ष के लोग
मृतका पंकज लता का मायका गोरखपुर जनपद के हरपुर इलाके में स्थित है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही रोते-बिलखते मायके वाले भी खैंचा गांव पहुंच गए। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पंकज लता को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने सीधे तौर पर ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या करने का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने शनिवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मृतका के परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










