महराजगंज में बिजली के पोल से टकराई बाइक: हादसे में किशोर की मौत, धर्मपुर से जा रहा था जोगिया

भिटौली थाना क्षेत्र के तुलसीपुर बाजार के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर शिवाला गांव निवासी हेमंत प्रजापति (17) पुत्र लक्ष्मण प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, हेमंत सोमवार सुबह बाइक से धर्मपुर से जोगिया की ओर जा रहा था। करीब 11 बजे तुलसीपुर बाजार के पास पहुंचने पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेमंत बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। भिटौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल किशोर को सीएचसी परतावल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। किशोर की मौत से परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस हादसे की वजहों की जांच कर रही है।










