लखनऊ में खड़े डंपर से भिड़ी कार: हादसे में दरोगा की मौत, ड्यूटी के लिए आ रहे थे कानपुर से

सरोजनीनगर में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में डायल 112 मुख्यालय में तैनात दरोगा सत्येंद्र सिंह (51) की मौत हो गई। वह कानपुर से लखनऊ ड्यूटी के लिए आ रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दरोगा खेड़ा के पास कार अनियंत्रित होने के बाद डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कानपुर नगर के सनिगवां कोयला नगर निवासी सत्येंद्र सिंह सोमवार सुबह करीब सात बजे लखनऊ के लिए निकले थे। पुलिस के अनुसार, ड्यूटी के लिए निकलने में उन्हें देर हो गई थी। इसी वजह से वह कार तेज रफ्तार में चला रहे थे। सरोजनीनगर के दरोगा खेड़ा के पास पहुंचते ही कार का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सत्येंद्र सिंह को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। सत्येंद्र सिंह 1995 रैंक के दरोगा बताए गए हैं। परिवार में पत्नी अलका सिंह और बेटा राज हैं।










