लखनऊ एयरपोर्ट पर महिला के बैग से मिले जिंदा कारतूस: इंडिगो की फ्लाइट से जा रही थी चंडीगढ़, बैगेज स्क्रीनिंग में दिखी संदिग्ध वस्तु

लखनऊ|17 सितंबर 2026
इंडिगो की फ्लाइट से जा रही थी चंडीगढ़, बैगेज स्क्रीनिंग में दिखी संदिग्ध वस्तु

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान एक महिला यात्री के बैग से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। महिला इंडिगो की फ्लाइट से लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली थी। स्क्रीनिंग के दौरान बैग में प्रतिबंधित वस्तु दिखाई देने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे आगे की जांच के लिए लेवल-4 पर भेज दिया। जांच में बैग के अंदर दो जिंदा कारतूस मिले। इसके बाद महिला को हिरासत में लेकर सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

लखनऊ एयरपोर्ट पर तैनात जूनियर ऑफिसर सौरभ कुमार साहनी के मुताबिक, 16 सितंबर को वह सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक की शिफ्ट में ड्यूटी पर थे। शाम करीब छह बजे रात आठ बजे लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 6552 के यात्रियों के सामान की जांच चल रही थी। इसी दौरान एक चेक-इन बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। लेवल-4 पर जूनियर ऑफिसर दिव्यांशी गुप्ता ने बैग की जांच की। इसमें कुछ इस्तेमाल किए हुए कपड़ों के साथ दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। एक कारतूस पर ‘9 एमएम 2एल 68केएफ’ और दूसरे पर ‘डब्ल्यूआरए सीओ 401 7.6’ लिखा था।

पुलिस ने जब्त किए कारतूस

पूछताछ में महिला ने अपना नाम लछमीर कौर बताया। वह पंजाब के फाजिल्का की रहने वाली है। उसने लखनऊ से चंडीगढ़ जाने का बोर्डिंग पास दिखाया, जिस पर सीट संख्या 18एफ दर्ज थी। सुरक्षाकर्मियों ने कारतूसों के बारे में उससे जानकारी मांगी, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद उसे कारतूसों समेत सरोजनीनगर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों कारतूस जब्त कर लिए हैं। मामले में महिला से पूछताछ के साथ ही पुलिस आगे की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।