रूस पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन अटैक: 1100 ड्रोन मार गिराने का दावा, मॉस्को में दो लोगों की हुई मौत

13 घंटे पहले
1100 ड्रोन मार गिराने का दावा, मॉस्को में दो लोगों की हुई मौत

यूक्रेन ने रातभर रूस के कई हिस्सों को ड्रोन से निशाना बनाया। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में 1,000 से अधिक ड्रोन इस्तेमाल किए गए। इनमें करीब 100 ड्रोन मॉस्को की ओर भेजे गए। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने इसे राजधानी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बताया। हमले में मॉस्को की तेल रिफाइनरी और एक आवासीय इमारत को नुकसान पहुंचा। मॉस्को के आसपास के इलाके में दो लोगों की मौत हुई और 20 लोग घायल हुए। यह हमला रूस में जारी संसदीय चुनाव के तीसरे और आखिरी दिन हुआ।

मॉस्को के मेयर ने दावा किया कि राजधानी की ओर बढ़ रहे 450 ड्रोन नष्ट कर दिए गए। उन्होंने कहा कि कुछ ड्रोन के कारण तेल रिफाइनरी और एक आवासीय इमारत को नुकसान पहुंचा। स्थानीय गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के मुताबिक, मृतकों में 74 वर्षीय बुजुर्ग और 44 वर्षीय महिला शामिल हैं। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई गई है।

कई तरह की मिसाइलों और ड्रोन का किया इस्तेमाल

रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने देशभर में, कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों, क्रीमिया और काला सागर के जलक्षेत्र में यूक्रेन के 1,100 ड्रोन मार गिराए। वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हमले में कई तरह की मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। इनमें यूक्रेन में निर्मित फ्लेमिंगो और पेलिकन मिसाइलें भी शामिल थीं।

तेल और लॉजिस्टिक ठिकाने निशाने पर

जेलेंस्की ने कहा कि इन हथियारों का इस्तेमाल तेल और लॉजिस्टिक सुविधाओं को निशाना बनाने के लिए किया गया। उन्होंने रूस की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने के उद्देश्य का भी उल्लेख किया। रूस में युद्ध शुरू होने के बाद यह पहला संसदीय चुनाव है। इस दौरान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की नीतियों के खिलाफ विपक्ष की मौजूदगी बेहद सीमित रही है। रूस ने यूक्रेन के उन चार इलाकों में भी मतदान कराया है, जिन पर मॉस्को ने युद्ध के बाद कब्जा किया था, लेकिन वहां उसका पूर्ण नियंत्रण नहीं है। क्रीमिया में भी मतदान हो रहा है, जिस पर रूस ने 2014 में कब्जा किया था। यूक्रेन ने इस कदम को गैर-कानूनी बताया है।

ड्रोन तकनीक पर बढ़ा जोर

करीब चार साल से जारी युद्ध के दौरान यूक्रेन ने सैन्य ड्रोन तकनीक को तेजी से विकसित किया है। वह रूस के भीतर हमलों के लिए मिसाइलों के साथ लंबी दूरी के ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है। यूक्रेन का घोषित उद्देश्य रूस के भीतर युद्ध के प्रभाव को बढ़ाना और रूस पर शांति समझौते के लिए दबाव बनाना है। हालांकि पुतिन ने अब तक हमला रोकने की इच्छा के संकेत नहीं दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।