इंडोनेशिया में यात्री जहाज डूबा; एक की मौत: सुरक्षित निकाले गए 102 यात्री, सुराबाया से बंजारमासिन जा रहा था जहाज

इंडोनेशिया में रविवार को 243 यात्रियों और क्रू मेंबरों को लेकर जा रहा यात्री जहाज डूब गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 140 यात्री और क्रू मेंबर अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल ने अलग-अलग जहाजों की मदद से 102 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हादसे के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। रेस्क्यू टीम ने जहाज की आखिरी लोकेशन की दिशा में कई जहाज और एक हेलिकॉप्टर भेजा है।
विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम का यात्री जहाज पूर्वी जावा के सुराबाया से बोर्नियो द्वीप के बंजारमासिन जा रहा था। यात्रा के दौरान जहाज का कम्युनिकेशन फेल हो गया। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के मुताबिक, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में बंजारमासिन के एक पियर से करीब 148 किलोमीटर दूर मिली। सूचना के बाद बचाव दल ने तत्काल अभियान शुरू किया। कई जहाजों के साथ हेलिकॉप्टर को भी तलाश में लगाया गया है।
हजारों द्वीपों के कारण समुद्री परिवहन पर निर्भरता
इंडोनेशिया में 17 हजार से ज्यादा द्वीप हैं और करीब 28 करोड़ की आबादी का बड़ा हिस्सा अलग-अलग द्वीपों पर रहता है। ऐसे में कई शहरों और द्वीपों के बीच आवागमन के लिए फेरी और यात्री जहाज महत्वपूर्ण साधन हैं। बड़ी संख्या में लोग रोजाना इनसे सफर करते हैं। उष्णकटिबंधीय क्षेत्र में होने के कारण यहां तेज बारिश, आंधी और ऊंची समुद्री लहरों का खतरा भी रहता है। ऐसे मौसम में छोटे और मध्यम आकार के जहाजों के लिए सफर जोखिम भरा हो सकता है। इसके अलावा कई हादसों की जांच में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, सुरक्षा उपकरणों की कमी और नियमों का पालन न करने जैसी खामियां भी सामने आई हैं। हालांकि, प्रत्येक हादसे की वजह अलग हो सकती है।










