नाटो देशों पर बड़े हमले की तैयारी में रूस: ड्रोन और रॉकेट से मचा सकता है तबाही, पोलैंड के पीएम टस्क ने दी चेतावनी

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने चेतावनी दी है कि रूस यूक्रेन का समर्थन कर रहे पोलैंड समेत यूरोपीय देशों के खिलाफ ड्रोन या रॉकेट से हाइब्रिड हमलों की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि रूस ऐसे हमलों को दुर्घटना बताकर नाटो की जवाबी कार्रवाई को रोकने या उसकी इच्छाशक्ति कमजोर करने की कोशिश कर सकता है। टस्क ने गुरुवार को पोलैंड की संसद में संबोधन के दौरान कहा कि पूर्वी हिस्से के एक या कई नाटो देशों के क्षेत्र में ड्रोन या अन्य प्रक्षेपास्त्र घुसने और नुकसान पहुंचाने का वास्तविक खतरा है।
टस्क के अनुसार, रूस की रणनीति में सैन्य कार्रवाई के साथ साइबर हमले, दुष्प्रचार और अन्य गैर-पारंपरिक तरीके शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमले के बाद आधिकारिक तौर पर इसे दुर्घटना बताया जा सकता है, जिससे नाटो के सामने जवाबी कार्रवाई का आधार कमजोर हो। उनका कहना है कि रूस के बढ़ते ड्रोन इस्तेमाल से खतरा और गंभीर हुआ है।
तेज ड्रोन से बढ़ी चुनौती
टस्क ने बताया कि रूस जेट इंजन से संचालित ड्रोन का इस्तेमाल लगातार बढ़ा रहा है। ये ड्रोन अधिक ऊंचाई और तेज गति से उड़ते हैं। ऐसे में वायु रक्षा प्रणालियों के लिए लक्ष्य तक पहुंचने से पहले उनका पता लगाना अधिक मुश्किल हो जाता है। टस्क ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से रूस के नाटो देशों के खिलाफ गंभीर हाइब्रिड हमले की संभावित तैयारी को लेकर चेतावनी देते रहे हैं।
खुफिया सूचनाओं से चेतावनी स्पष्ट
पोलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा कि नाटो, यूक्रेन और अमेरिका की खुफिया एजेंसियों से मिली सूचनाओं के आधार पर उनकी आशंकाएं अब पहले से अधिक स्पष्ट होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रूस की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की जरूरत है।










