मध्यप्रदेश में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर: दो बच्चों समेत तीन की मौत, 13 घायल, काम खत्म कर लौट रहे थे गांव

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया। दलोदा थाना क्षेत्र में महू-नीमच राजमार्ग पर लखमा खेड़ी चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। दुर्घटना रात करीब एक बजे मंदसौर से लगभग 24 किलोमीटर दूर हुई।
अपर जिलाधिकारी एकता जायसवाल के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों समेत 20 लोग सवार थे। सभी रतलाम जिले के रावती के रहने वाले थे और रेलवे की एक परियोजना में काम कर रहे थे। पिपलियामंडी में काम पूरा करने के बाद मजदूर मंदसौर के लालघाटी में रुके थे। वहां से वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लखमा खेड़ी चौराहे के पास ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे में 60 वर्षीय बसंती बाई और छह साल की प्रियंका की मौत हो गई। एक अन्य बच्चे ने इलाज के लिए रतलाम ले जाते समय दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
चार घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल 13 लोगों में से चार को गंभीर चोटें आई हैं। उनका मंदसौर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। अपर जिलाधिकारी एकता जायसवाल ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।










