राजस्थान में घर में मिला दंपति का शव: स्कूल से लौटी बेटी तो बंद था कमरा, दोनों में कुछ दिनों से चल रहा था विवाद

राजस्थान के टोंक जिले के मालपुरा कस्बे में घर के अंदर पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय लक्ष्मीनारायण और उनकी 30 वर्षीय पत्नी मधु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दंपति की बेटी स्कूल से घर लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर उसने पास में रहने वाले अपने चाचा को सूचना दी।
चाचा ने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो लक्ष्मीनारायण फंदे से लटके हुए थे, जबकि मधु का शव फर्श पर पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आशीष प्रजापत और मालपुरा थानाधिकारी चैनाराम जाट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीनारायण बर्तन की दुकान पर काम करते थे और काम पर नहीं गए थे। दंपति के दो बेटियां और एक बेटा है।
महिला के गर्दन में मिले खरोंच के निशान
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, महिला की गर्दन पर खरोंच के निशान भी मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










