मुंबई में 75 फीट नीचे गिरी BMW: तीन युवकों की मौत, मरीन ड्राइव से जा रहे थे हाजी अली

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। चारों की उम्र 17 से 23 साल के बीच थी। पुलिस के मुताबिक, BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। करीब 5:20 बजे तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। कार डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
मृतकों की पहचान शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है। घायल युवक आदित्य ओसवाल (23) है। हादसे के बाद चारों को नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। आदित्य का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, चारों छात्र थे। शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ते थे। शनाय अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में PG में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक BMW उसके परिवार की है।
फोरेंसिक टीम ने कार से जुटाए सैंपल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने दुर्घटनाग्रस्त BMW की जांच की और जरूरी सैंपल जुटाए। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
10.58 किमी लंबा है मुंबई कोस्टल रोड
मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबी हाई-स्पीड सड़क है। यह साउथ मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ती है। हाई-स्पीड सड़कों पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा आमतौर पर 80 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक होती है।










