यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल: 35 IPS-31 PPS के हुए तबादले, गोरखपुर के नए एएसपी होंगे मुकेश मिश्रा

उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 35 IPS और 31 PPS अधिकारियों के तबादले किए। इसका असर गोरखपुर पुलिस की अहम जिम्मेदारियों पर भी पड़ा है। बरेली में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) के पद पर तैनात मुकेश चंद्र मिश्रा को अब गोरखपुर का अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) बनाया गया है। वहीं अयोध्या में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/प्रोटोकॉल रहे अयोध्या प्रसाद सिंह को गोरखपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) की जिम्मेदारी दी गई है। 31 PPS अधिकारियों के तबादले की सूची में मुकेश मिश्रा की गोरखपुर तैनाती की पुष्टि हुई है।
गोरखपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) रहे सुधीर जायसवाल का तबादला अयोध्या किया गया है। उन्हें वहां अपर पुलिस अधीक्षक (प्रोटोकॉल/यातायात) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही गोरखपुर में तैनात ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट आगरा बनाया गया है। उनके स्थानांतरण से गोरखपुर में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में एक और अहम बदलाव हुआ है। तबादला सूची में गोरखपुर से जुड़ी इन तैनातियों के अलावा राज्य के कई कमिश्नरेट और जिलों में भी अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
रवि शंकर निम को गोरखपुर में नई जिम्मेदारी
IPS अधिकारियों के फेरबदल में गौतमबुद्धनगर के DCP रवि शंकर निम को गोरखपुर भेजा गया है। उन्हें 02वीं वाहिनी एसएसएफ का सेनानायक बनाया गया है। राज्य स्तर पर हुए इस फेरबदल में लखनऊ, कानपुर नगर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज और गौतमबुद्धनगर समेत कई महत्वपूर्ण कमिश्नरेट शामिल हैं। UP-112 की SP चारू निगम को 47वीं वाहिनी PAC गाजियाबाद का सेनानायक बनाया गया है, जबकि श्रुति श्रीवास्तव को प्रयागराज का ADCP बनाया गया है। कुल मिलाकर 35 IPS और 31 PPS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।










