गोंडा में प्रदीप दुबे हत्याकांड: 3 नामजद समेत 5 पर केस दर्ज, पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप

कटरा बाजार थाना क्षेत्र के दुबेपुरवा में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। युवक की मौत शनिवार रात हुई थी। परिवार की ओर से थाने में दी गई तहरीर के आधार पर तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इससे पहले पुलिस घटना को सड़क हादसा मानकर जांच कर रही थी और हत्या की आशंका से इनकार किया था। परिजनों की मांग के बाद अब पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
प्रदीप के पिता भवानी प्रसाद दुबे की शिकायत पर राजकुमार सिंह, राकेश सिंह और राम बहोरे सिंह के अलावा दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पिता ने आरोप लगाया कि आरोपित पक्ष पुरानी रंजिश के चलते प्रदीप को जान से मारने की धमकी देता था। शिकायत के मुताबिक, 19 सितंबर की रात करीब आठ बजे प्रदीप सब्जी खरीदने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि इसकी जानकारी आरोपितों को हो गई। सब्जी लेकर लौटते समय पांडेपुरवा के आगे नहर पुलिया के पास आरोपितों ने उसकी घेराबंदी कर ली।
धारदार हथियार से हमले का आरोप
परिजनों की शिकायत के अनुसार, नहर पुलिया के पास प्रदीप पर धारदार हथियार से हमला किया गया। आरोप है कि हमले में उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपित उसकी मोटरसाइकिल तोड़कर गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
मामले की जांच कर रही पुलिस
कटरा बाजार थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी ने बताया कि परिवार शव का अंतिम संस्कार नहीं कर रहा था और हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहा था। पिता की शिकायत के आधार पर तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










