गोंडा में रेप पीड़िता ने किया सुसाइड: तालाब में मिला शव, जेल में बंद प्रेमी और दोस्त पर उकसाने का केस दर्ज

धानेपुर थाना क्षेत्र में रेप पीड़िता किशोरी ने तालाब में कूदकर जान दे दी। उसका शव घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में मिला। घटना के बाद किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने जेल में बंद उसके प्रेमी इरफान और उसके दोस्त परवेज के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने और बदनाम करने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
मृतका की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का इरफान और उसका दोस्त परवेज उनकी बेटी को लगातार परेशान करते थे। आरोप है कि दोनों किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के साथ बदनाम करने की धमकी देते थे। वे कथित तौर पर यह भी कहते थे कि उसकी शादी नहीं होने देंगे। मां के मुताबिक इरफान के जेल जाने के बाद भी परवेज उनकी बेटी को परेशान करता रहा।
प्रताड़ना से परेशान होकर तालाब में लगा दी छलांग
पुलिस के अनुसार इरफान के खिलाफ पहले शादी का झांसा देकर रेप का केस दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने उसे 13 जुलाई 2026 को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था। इसके बाद भी किशोरी को कथित तौर पर लगातार धमकियां मिलती रहीं। परिवार का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने गांव के किनारे स्थित तालाब में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की गई। किशोरी की मां की तहरीर पर इरफान और परवेज के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और बदनाम करने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद से परवेज फरार
धानेपुर थाना प्रभारी विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इरफान पहले से जेल में बंद है। वहीं, परवेज घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। परिजनों से पूछताछ के अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि परवेज जेल में बंद इरफान से कितनी बार मिलने गया था। दोनों के बीच मामले को लेकर क्या बातचीत हुई और किशोरी की मौत में उनकी भूमिका या संलिप्तता कितनी रही, इसकी भी जांच की जा रही है।










