गोंडा में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: सब्जी लेने निकला था घर से, शरीर और पैर पर मिले चोट के निशान

कटरा बाजार क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अशोकपुर ग्राम पंचायत के दुबेपुरवा का रहने वाला था। उसकी मौत को लेकर पुलिस और परिवार के दावों में अंतर सामने आया है। परिजन इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक सड़क हादसे में घायल हुआ था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।
परिजनों के मुताबिक, प्रदीप मदरहवा चौराहे से सब्जी खरीदने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कई घंटे बाद देर रात प्रदीप गंडाही इलाके में गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। उसके शरीर और पैरों पर चोट के गहरे निशान थे। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने उठाए सवाल
प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर मिले चोट के निशान सामान्य सड़क हादसे से अलग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी रंजिश के चलते प्रदीप के साथ मारपीट की गई और उसे लावारिस हालत में छोड़ दिया गया।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने पर कटरा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अजय तिवारी ने बताया कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है और हत्या का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।










