देवरिया में दो बाइकों की भिड़ंत: हादसे में एक युवक की मौत, घायल बाइक सवार की हालत गंभीर

खुखुंदू थाना क्षेत्र के डेहरी गांव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने तिलौली उर्फ डेहरी निवासी मुन्ना यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे बाइक सवार की हालत गंभीर होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया। उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
मुन्ना यादव, हेम नारायण यादव के पुत्र थे। बताया गया कि वह बाइक से डेहरी स्थित हनुमान मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
गोरखपुर किया रेफर
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में जांच के बाद डॉक्टरों ने मुन्ना यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं अज्ञात बाइक सवार की हालत गंभीर बताई गई। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर मुन्ना के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोने-बिलखने लगे।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने के बाद सदर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दूसरे घायल की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।










