देवरिया में 23.09 लाख का बैंक घोटाला: बैंक मैनेजर समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

सलेमपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने ग्राहकों की 23.09 लाख रुपये की रकम हड़पने का आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच दरोगा सोनेंद्र सिंह को सौंपी गई है। आरोप है कि वर्ष 2020 से अप्रैल 2023 के बीच ग्राहकों से जमा कराई गई रकम अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई।
लार थाना क्षेत्र के बरईटोला रावतपार पांडेय निवासी गणेश चौरसिया वर्ष 2012 से सलेमपुर के सोहनाग रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से जुड़ा सीएससी चला रहे थे। उनकी अगस्त 2020 में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित कुमार राकेश से पहचान हुई। गणेश के मुताबिक, शाखा प्रबंधक ने उच्च अधिकारियों के निर्देश का हवाला देकर बैंक परिसर में ही सीएससी का काम करने को कहा। इसके बाद बैंक कार्यालय बंद होने के बाद ग्राहकों से जमा रकम उनकी देखरेख में जमा होने लगी।
अलग-अलग खातों में भेजी गई रकम
गणेश चौरसिया का आरोप है कि 17 अगस्त 2020 से अलग-अलग तारीखों में ग्राहकों से मिली रकम अमित कुमार राकेश ने अपनी पत्नी एकता कुमारी, सहयोगी निरंजन कुमार और परमानंद यादव समेत अन्य लोगों के खातों में भेजना शुरू किया। बाद में रकम अमित कुमार राकेश के बैंक खाते, संयुक्त खाते और अन्य खातों में भी ट्रांसफर किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार अप्रैल 2023 तक करीब 23.09 लाख रुपये अलग-अलग खातों में भेजे गए।
रकम नहीं पहुंची तो बैंक स्टाफ पर टालने का आरोप
गणेश का कहना है कि जब ग्राहकों की रकम उनके खातों में नहीं पहुंची तो बैंक स्टाफ और सर्वर में गड़बड़ी होने की बात कहकर मामले को टाला गया। मुकदमा दर्ज न होने पर उन्होंने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने अमित कुमार राकेश, एकता कुमारी, निरंजन कुमार, रमेश कुमार कुशवाहा, परमानंद यादव और अनुराग गोंड उर्फ सोनू के खिलाफ गबन का केस दर्ज किया है।










