देवरिया में पूर्व चेयरमैन और बेटे पर चाकू से हमला: ई-रिक्शा चालक से हुआ था विवाद, तीन संदिग्ध गिरफ्तार

भटनी में नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन राजेश कुमार गुप्ता और उनके बेटे अजय गुप्ता पर मंगलवार सुबह घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया। घटना में दोनों घायल हो गए। राजेश गुप्ता की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। हमले के बाद आसपास के लोगों ने तीन संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। परिवार के अनुसार, वारदात में शामिल पांच अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
परिवार के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सोमवार देर रात ई-रिक्शा चालक से हुई थी। राजेश गुप्ता स्ट्रीट लाइट लगाने का कारोबार करते हैं। सोमवार रात स्ट्रीट लाइट का सामान बस से आने वाला था। सामान लेने के लिए अजय गुप्ता ई-रिक्शा से गोरखपुर ओवरब्रिज के पास गए थे। आरोप है कि वहां ई-रिक्शा चालक ने सामान ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद अजय ने अपने पिता को मौके पर बुलाया। दोनों सामान लेकर घर लौट आए।
कुछ देर बाद घर पहुंचकर किया था हंगामा
परिवार का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक कुछ देर बाद राजेश गुप्ता के घर पहुंच गया और वहां हंगामा करने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हालांकि, परिवार का आरोप है कि मंगलवार सुबह इसी विवाद को लेकर ई-रिक्शा चालक दोबारा राजेश गुप्ता के घर पहुंचा।
दरवाजा खुलवाकर घर में घुसने का आरोप
परिवार के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे ई-रिक्शा चालक करीब आठ लोगों के साथ घर पहुंचा। आरोप है कि उसने दरवाजा खुलवाया और सभी लोग अंदर घुस गए। इसके बाद राजेश गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया गया। पिता पर हमला होते देख अजय गुप्ता उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू से वार किया। हमले में पिता-पुत्र के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। राजेश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया।
तीन संदिग्ध पकड़े
हमले के दौरान शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तीन संदिग्धों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। परिवार के मुताबिक, पांच अन्य आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पूर्व चेयरमैन हैं राजेश गुप्ता
राजेश गुप्ता भटनी थाना क्षेत्र के हतवा वार्ड नंबर-3 के रहने वाले हैं। वह भटनी नगर पंचायत के चेयरमैन रह चुके हैं। फिलहाल परिवार के साथ शहर के भुजौली मोहल्ले में रहते हैं और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम करते हैं। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि ई-रिक्शा चालक के साथ आए लोगों पर पिता-पुत्र पर चाकू से हमला करने का आरोप है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।










