गोरखपुर में 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना: जनगणना के लिए 12 हजार कर्मचारी तैनात, 170 फील्ड ट्रेनर होंगे तैयार

गोरखपुर|47 मिनट पहले
जनगणना के लिए 12 हजार कर्मचारी तैनात, 170 फील्ड ट्रेनर होंगे तैयार

जिले में जनगणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में इसके लिए करीब 12 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जनगणना के दूसरे चरण में 16 नवंबर से स्वगणना यानी सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा शुरू होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटाएंगे। प्रशासन का फोकस इस बार हर परिवार और नागरिक को कवरेज में शामिल करने के साथ आंकड़ों की सटीकता बनाए रखने पर है।

जनगणना ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए चार मास्टर ट्रेनरों को लखनऊ भेजा गया था, जहां उनका प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब ये मास्टर ट्रेनर 170 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद फील्ड ट्रेनर घर-घर जाकर जानकारी जुटाने वाले प्रगणकों को ट्रेनिंग देंगे। प्रशिक्षण प्रक्रिया 15 अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा। करीब 850 की आबादी पर एक प्रगणक तैनात किया जाएगा। इनकी निगरानी के लिए सुपरवाइजर भी नियुक्त किए जाएंगे।

40 सवालों के जरिए जुटेगी जानकारी

दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक नागरिक खुद ऑनलाइन अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर दर्ज जानकारी का सत्यापन और जरूरी विवरण का संकलन करेंगे। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति के साथ प्रवास, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता और धर्म से संबंधित जानकारी शामिल होगी।

पहली बार सभी नागरिकों की जाति संबंधी जानकारी

जनगणना में डिजिटल साक्षरता, बैंक खातों और पहचान दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। पहली बार सामान्य जातियों समेत सभी नागरिकों की जाति संबंधी जानकारी भी जनगणना का हिस्सा होगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि सर्वे के दौरान कोई परिवार या व्यक्ति छूटे नहीं और तैयार होने वाले आंकड़े सटीक व भरोसेमंद रहें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।