गोरखपुर में खुले नाले में मिला युवक का शव: पुलिस ने निकाला बाहर, स्लैब न होने पर पर उठे सवाल

राजघाट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मदरसा चौराहे के पास खुले नाले में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 11 बजे लोगों ने नाले में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची राजघाट पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों की मदद से पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
शव मिलने के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने नाले को खुला छोड़ने को लेकर नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि नाले पर स्लैब नहीं होने के कारण व्यक्ति उसमें गिरा होगा। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि मृतक नशे की हालत में रहा होगा और इसी दौरान नाले में गिर गया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और मौत की वजह भी स्पष्ट नहीं है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है।










