गोरखपुर में रेलिंग से टकराई बाइक: युवक की मौत व साथी गंभीर, दर्शन करने जा रहे थे लेहड़ा देवी मंदिर

लेहड़ा देवी मंदिर दर्शन के लिए निकले बाइक सवारों के समूह में रविवार दोपहर हादसा हो गया। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में बख्तावर नगर के सामने मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे की रेलिंग से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पीछे बैठे हर्ष श्रीवास्तव (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों करीब आठ बुलेट बाइक सवारों के समूह के साथ मंदिर जा रहे थे।
प्रतीक व्यास नगर, पादरी बाजार, थाना शाहपुर के रहने वाले थे। हादसे के समय बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जानकारी के अनुसार, मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित हुई और हाईवे किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। बाइक की किसी दूसरे वाहन से टक्कर नहीं हुई थी। टक्कर के बाद प्रतीक और हर्ष दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सीएचसी कैंपियरगंज भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रतीक ने दम तोड़ दिया।
घायल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज किया रेफर
हर्ष श्रीवास्तव इंद्रप्रस्थ पुरम, शाहपुर के निवासी हैं और बाइक के मालिक भी बताए गए हैं। सीएचसी में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है।
साथियों से पूछताछ कर रही पुलिस
हादसे की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल हर्ष और उनके साथ चल रहे सात अन्य बाइक सवारों से घटनाक्रम की जानकारी ली। सभी ने बताया कि बाइक किसी दूसरे वाहन से नहीं टकराई थी। उनके अनुसार, मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक रेलिंग से जा भिड़ी। पुलिस ने प्रतीक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा समेत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है।










