गोरखपुर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत: हाईवे किनारे टहल रहा था, वाहन चालक मौके से फरार

गीडा थाना क्षेत्र के नौसढ़-कालेसर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। हादसा बरवार चौराहे के पास हुआ। शुभम अपने पिता की किराना दुकान से कुछ दूरी पर हाईवे किनारे टहल रहा था। इसी दौरान गोरखपुर से गीडा की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शुभम उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरा। आसपास के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सहजनवां थाना क्षेत्र के डोमहर माफी निवासी दिग्विजय कुमार गुप्ता गीडा सेक्टर पांच के पास किराना की दुकान चलाते हैं। उनके बड़े बेटे अनुराग और छोटे बेटे शुभम दुकान के काम में हाथ बंटाते थे। शुभम दुकान से कुछ दूरी पर टहलने निकला था। तभी यह हादसा हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बेहद नाजुक थी। लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अस्पताल में बेटे का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, चार साल में परिवार ने अपने तीन बेटे खो दिए हैं। चार भाइयों में अब केवल सबसे बड़ा बेटा अनुराग ही बचा है। वह बुजुर्ग माता-पिता का एकमात्र सहारा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शुभम की मौत की खबर से डोमहर माफी से लेकर बरवार चौराहे तक शोक का माहौल है। लगातार तीन बेटों की मौत से इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं। गीडा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे के कारणों और वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है।










