देवरिया में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत: इलाज के दौरान युवक की हुई मौत, पांच लोग घायल

सुरौली थाना क्षेत्र में देवरिया-पकड़ी रोड पर गुरुवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में घायल 19 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हुए थे। मृतक की पहचान चंदन राजभर पुत्र रामानंद के रूप में हुई है।
टक्कर के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां देर रात चंदन राजभर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। चंदन अपने पड़ोस की एक बहन और एक भाभी को किसी काम से देवरिया लेकर आए थे। रात में लौटते समय दोनों बाइकों की टक्कर हो गई।
मुंबई से लौटा था चंदन
चंदन चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था। वह मुंबई में वेल्डिंग का काम करता था और परिवार की आर्थिक जरूरतों में मदद करता था। कुछ महीने पहले ही वह मुंबई से घर लौटा था। बताया गया कि वह जल्द ही दोबारा मुंबई जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही सड़क हादसे ने उसकी जान ले ली।










