देवरिया में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक पुलिया से टकराकर नहर में गिरी, युवक की मौत

देवरिया के बैकुंठपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां कुशमौनी गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद सीधे नहर में जा गिरी। इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बरियारपुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मृतक युवक की पहचान खुखुंदू थाना क्षेत्र के मझगांवा निवासी गुड्डू चौरसिया, 35 वर्ष के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था। परिजनों के अनुसार, गुड्डू बाइक से बैकुंठपुर के रास्ते बैतालपुर के पास स्थित गुडरी गांव जा रहा था। कुशमौनी गांव के पास पहुंचते ही उसकी बाइक अचानक बेकाबू होकर पुलिया से टकरा गई और नहर में गिर गई।
अज्ञात वाहन से मारे जाने की आशंका
हादसे का पता तब चला जब स्थानीय लोगों ने नहर में बाइक पड़ी देखी। लोगों ने तुरंत बाइक और शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने के कारण यह हादसा हुआ होगा।
पुलिस कर रही जांच
बरियारपुर थानाध्यक्ष दीपक सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










