गोंडा में कोचिंग जाते समय दो छात्रों मौत: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, रोजाना एक ही बाइक से जाते थे पढ़ने

गोंडा|07 सितंबर 2026
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, रोजाना एक ही बाइक से जाते थे पढ़ने

जिले में सोमवार सुबह कोचिंग के लिए निकले दो छात्रों की सड़क हादसे में मौत हो गई। खरगूपुर-इटियाथोक मार्ग पर देवरिया कला-पिपरा बोधार गांव के पास करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विपिन मौर्य और अमन सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगूपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों रोज एक ही बाइक से कोचिंग पढ़ने जाते थे।

विपिन कक्षा 10 और अमन कक्षा 9 का छात्र था। दोनों खरगूपुर थाना क्षेत्र के भट्ट पुरवा गांव के रहने वाले थे। सोमवार सुबह वे मोटरसाइकिल से पिपरा बोधार स्थित कोचिंग जा रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

गांव में पसरा मातम

अमन तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था, जबकि विपिन दो भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों के परिवार खेती-किसानी और मजदूरी करके घर चलाते हैं। रोज साथ में कोचिंग जाने वाले दोनों छात्रों की एक साथ मौत से भट्ट पुरवा गांव में मातम पसरा है।

पुलिस ने सीज किया वाहन

खरगूपुर थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि हादसे में शामिल पिकअप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।