गोंडा में फंदे पर मिला हॉकी खिलाड़ी का शव: मोबाइल पर आ रही थी लड़की की कॉल, जांच में जुटी पुलिस

गोंडा|16 सितंबर 2026
मोबाइल पर आ रही थी लड़की की कॉल, जांच में जुटी पुलिस

नगर कोतवाली क्षेत्र में स्टेट लेवल हॉकी खिलाड़ी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार, विवेक ने कुत्ते के पट्टे से फंदा लगाया था। घटना के समय उसके हाथ में मोबाइल था और उस पर एक लड़की की वॉट्सएप कॉल आ रही थी। भाई ने लड़की से विवाद के बाद विवेक के यह कदम उठाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

बहराइच रोड निवासी विवेक कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। इसके साथ वह स्टेट लेवल पर हॉकी खेल चुका था। परिवार के मुताबिक, मंगलवार को वह दिनभर दुकान पर रहा। शाम को खाना खाने के लिए घर आया और कुछ देर बाद फिर दुकान चला गया। दुकान से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। शाम करीब छह बजे परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो विवेक कुत्ते के पट्टे से बने फंदे पर लटका मिला। सूचना पर नगर कोतवाली और मिश्रौलिया चौकी की पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची।

पुलिस को सौंपा मोबाइल

परिजनों ने घटना के बाद विवेक का मोबाइल देखा तो उस पर एक लड़की की वॉट्सएप कॉल आ रही थी। बड़े भाई विनय गुप्ता के अनुसार, विवेक को व्यापार या परिवार से जुड़ी कोई परेशानी नहीं थी। वह किसी लड़की से बातचीत करता था। परिवार को आशंका है कि लड़की से विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। घरवालों ने विवेक का मोबाइल पुलिस को सौंप दिया है।

10 साल की उम्र में शुरू की थी हॉकी

विवेक को बचपन से ही हॉकी खेलने का शौक था। उसने करीब 10 वर्ष की उम्र में खेलना शुरू किया था। लगभग आठ साल की प्रैक्टिस के बाद वर्ष 2018 से उसने जिला, मंडल और प्रदेश स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। वर्ष 2024 में मेजर ध्यानचंद की जयंती के सम्मान में आयोजित प्रदेश स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में उसने आखिरी बार स्टेट लेवल मैच खेला था। इस प्रतियोगिता में वह महज एक अंक से टॉप-3 में जगह बनाने से चूक गया था। पिछले दो वर्षों से वह जिला और मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में खेल रहा था। उसकी टीम ने जिला स्तर पर कई प्रतियोगिताएं जीती थीं और मंडल स्तर पर भी उसे कई पुरस्कार मिले थे।

जांच कर रही पुलिस

नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि विवेक का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। परिजनों ने लड़की से विवाद की आशंका जताई है, जिसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। घरवालों ने यह भी बताया कि इसी घर में करीब एक साल पहले विवेक के सौतेले भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।