सिद्धार्थनगर की लापता किशोरी एमपी से बरामद: CDR से मध्यप्रदेश तक पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र से लापता करीब 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे अपने साथ ले जाने के आरोप में मध्यप्रदेश के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी की युवक से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने का सुराग मिला। सोमवार को आरोपी को चिताही तिराहे से पकड़ा गया।
मामला आठ सितंबर की शाम का है। किशोरी करीब 4:30 बजे घर से सामान लेने के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं पहुंची। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सूचना मिलने पर त्रिलोकपुर पुलिस ने नौ सितंबर को केस दर्ज किया और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।
मोबाइल नंबरों की जांच से मिला सुराग
पुलिस ने किशोरी के संपर्क में रहे लोगों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान CDR की जांच से मध्यप्रदेश निवासी युवक तक पहुंचने का रास्ता मिला। आरोपी की पहचान सुरेन्द्र कुशवाह पुत्र बंशीलाल कुशवाहा, निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना करेली, जिला नरसिंहपुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने तलाश के दौरान उसे चिताही तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
कोर्ट भेजा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे कोर्ट भेज दिया गया। कार्रवाई थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र की देखरेख में हुई। टीम में उपनिरीक्षक रुदल प्रसाद, हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह और महिला कांस्टेबल हेमलता शामिल रहीं।










