सिद्धार्थनगर में वाईफाई के पैसे को लेकर हुआ विवाद: दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष से सात लोग घायल, काम के भुगतान को लेकर हुई कहासुनी

सिद्धार्थनगर|19 सितंबर 2026
दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष से सात लोग घायल, काम के भुगतान को लेकर हुई कहासुनी

भवानीगंज थाना क्षेत्र के पथरपुरवा चौराहे पर वाई-फाई लगाने के काम के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हिसामुद्दीनपुर में एक पक्ष के घर के सामने दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हुए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अंधेरे के बीच टॉर्च की रोशनी में लोग एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में महिलाओं से मारपीट और उन पर लाठियां चलने का दृश्य भी दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत पथरपुरवा चौराहे पर सैदू पुत्र रमजान की दुकान से हुई। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव निवासी अंकित पुत्र परमेश्वरी दुकान पर वाई-फाई लगाने पहुंचे थे। काम पूरा होने के बाद अंकित ने भुगतान मांगा, इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। उसी दौरान पास की दुकान पर खरीदारी कर रहे हिसामुद्दीनपुर निवासी अभिनंदन पुत्र रामकुमार से भी अंकित का विवाद हो गया। शुरुआती कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

गाड़ी से पहुंचे लोग

बताया गया कि रात करीब आठ बजे विवाद हिसामुद्दीनपुर तक पहुंच गया। एक पक्ष के घर के सामने दोनों ओर के लोग जुट गए। इसी दौरान एक गाड़ी से कुछ लोग वहां पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने टॉर्च जलाकर पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में कई लोग एक-दूसरे पर लगातार लाठियों से हमला करते दिख रहे हैं। कुछ लोग बीच-बचाव और बचने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन मारपीट जारी रहती है। घटना के बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।

दोनों पक्षों के ये लोग हुए घायल

मारपीट में हिसामुद्दीनपुर निवासी कुलदीप पुत्र रामकुमार (28), अभिनंदन पुत्र रामकुमार (23) और रामकुमार पुत्र गुरसरन (54) घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से रेहरा गांव निवासी परमेश्वरी पुत्र जीत बहादुर (50), समीर पुत्र परमेश्वरी (18), अंकित पुत्र परमेश्वरी (30) और सौरभ कुमार पुत्र परमेश्वरी (23) घायल हुए। घटना के वीडियो में महिलाओं के साथ भी मारपीट होती दिखाई दे रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।